सत्या राजपूत, रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय ‘कुशाभाऊ ठाकरे परिसर’ स्थित ‘सहयोग केंद्र’ में मंगलवार को छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रदेशभर से पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान बस्तर से लेकर सरगुजा तक प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 500 से अधिक कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखे।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्यकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता और आत्मीयता के साथ सुना। कई मामलों में उन्होंने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को फोन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
‘भाजपा कार्यकर्ता हमारी सबसे बड़ी पूंजी हैं’
उपमुख्यमंत्री साव ने इस मौके पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हमारी सबसे बड़ी पूंजी हैं। संगठन और सत्ता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में ‘सहयोग केंद्र’ एक मील का पत्थर साबित हो रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार जनता और कार्यकर्ताओं के कल्याण के लिए पूरी तरह समर्पित है। सहयोग केंद्र में आने वाले हर एक कार्यकर्ता की बात को पूरी गंभीरता से सुना जाता है और हमारा प्रयास रहता है कि उनकी जायज समस्याओं का समाधान बिना किसी विलंब के हो।
166 आवेदन प्राप्त, विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश
सहयोग केंद्र में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों और विकास कार्यों को लेकर 166 आवेदन प्राप्त हुए। इस दौरान 500 से अधिक कार्यकर्ता सहयोग केंद्र में पहुंचे। साव ने आवेदनों का बारीकी से अध्ययन कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को टेलीफोन पर निर्देश दिए कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बस्तर से सरगुजा तक के कार्यकर्ताओं ने रखी अपनी बात
सहयोग केंद्र में बस्तर से लेकर सरगुजा तक के दूर-दराज क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं ने अपनी बात सीधे उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखी। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष नंदन जैन और प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज उपस्थित रहे।
वित्त मंत्री चौधरी बुधवार को परिवर्तित समय में पहुंचेंगे सहयोग केंद्र
प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी 8 जुलाई, बुधवार को परिवर्तित समय में सहयोग केंद्र पहुंचेंगे। मंत्रिमंडल की बैठक के मद्देनजर वित्त मंत्री चौधरी बुधवार को दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक सहयोग केंद्र में उपस्थित रहेंगे।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H
मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक
लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

