नितिन नामदेव, रायपुर। युवाओं के प्रदर्शन और राहुल गांधी के बयान को लेकर छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में युवाओं को अपने मुद्दे रखने और प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और हिंसा चिंता का विषय है। सरकार हर लोकतांत्रिक मुद्दे पर संवेदनशीलता के साथ चर्चा के लिए तैयार रहती है।

विजय शर्मा ने कहा कि युवाओं की मांग पर मेहनती शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा दिया है। लोकतंत्र में जब कोई विषय उठता है तो सरकार उस पर संवेदनशील होती है। राहुल गांधी ने भी इस्तीफे की बात कही और सदन में चर्चा की मांग की है। सरकार चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन राहुल गांधी सदन कहां चलने देते हैं।

‘प्रदर्शन में गोली चलने की बात साबित करके दिखाएं’

डिप्टी सीएम ने राहुल गांधी के उस दावे पर भी सवाल उठाया, जिसमें प्रदर्शन के दौरान गोली चलने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि अब नया पैंतरा अपनाया जा रहा है कि प्रदर्शन के दौरान गोली चली है। अगर इस बात में सच्चाई है तो इसे साबित करके दिखाना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या राहुल गांधी देश का माहौल खराब करना चाहते हैं? विजय शर्मा ने आरोप लगाया कि देश के युवाओं के बीच अराजकता और भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है।

झारखंड के प्रदर्शन पर भी उठाया सवाल

विजय शर्मा ने झारखंड में हो रहे युवा प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि झारखंड में भी युवा प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन वहां इस मुद्दे पर कुछ नहीं बोला जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि झारखंड में गठबंधन समर्थित सरकार है, फिर राहुल गांधी वहां चुप क्यों हैं?

‘सदन में चर्चा होगी तो राहुल गांधी भागें नहीं’

डिप्टी सीएम ने कहा कि जब सदन में इस विषय पर चर्चा होगी तो राहुल गांधी को सदन में मौजूद रहना चाहिए और चर्चा से भागना नहीं चाहिए। उन्होंने छत्तीसगढ़ में विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यहां विपक्ष कई बार सदन से नदारद हो जाता है। विजय शर्मा ने कहा कि इस बार गायब नहीं होना चाहिए। सरकार इस मुद्दे पर जवाब देगी, लेकिन विपक्ष को सदन में मौजूद रहकर चर्चा का सामना करना चाहिए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m