दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पत्नी की हत्या की साजिश रच रहे एक सनकी और भगोड़े पति को गिरफ्तार कर बड़ी वारदात टाल दी। आरोपी अपनी पत्नी पर पहले ही तीन बार चाकू से जानलेवा हमला कर चुका था और जेल से छूटने के बाद चौथी बार उसे मौत के घाट उतारने की तैयारी में था।
डीसीपी हर्ष इंदौरा के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान साजिद अली के रूप में हुई है, जो जेजे कॉलोनी, बिंदापुर का निवासी है। हत्या के प्रयास के एक मामले में द्वारका कोर्ट ने 2 जून को उसे भगोड़ा घोषित किया था। क्राइम ब्रांच ने मुखबिर की सूचना पर लोनी के इकराम नगर इलाके से उसे दबोच लिया।
डीसीपी अमित शर्मा और एसीपी राजपाल डबास के निर्देशन में इंस्पेक्टर गौतम मलिक की टीम ने लेबर चौक के पास निगरानी शुरू की। जैसे ही साजिद अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा, पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि साजिद की शादी 2015 में हुई थी। उसके दो बच्चों की जन्म के कुछ समय बाद मौत हो गई थी। इस घटना के बाद वह अंधविश्वास और सनक का शिकार हो गया तथा पत्नी को ही बच्चों की मौत के लिए जिम्मेदार मानने लगा। बाद में उसे शराब और ड्रग्स की लत लग गई। वह नशे के लिए पत्नी से पैसे मांगता था और विरोध करने पर मारपीट करता था।
साल 2021 में उसने पत्नी पर लगातार तीन बार चाकू से हमला किया, जिसके बाद डाबरी थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ और वह जेल गया। नवंबर 2024 में रिहा होने के बाद भी उसका गुस्सा कम नहीं हुआ। 2025 में उसने फिर पत्नी पर जानलेवा हमला किया और फरार हो गया। लगातार ठिकाने बदलने और अदालत में पेश न होने पर उसे भगोड़ा घोषित किया गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

