अनुराग शर्मा, सीहोर। अहमदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खाईखेड़ा में न्यायालय के आदेशों को धता बताते हुए दबंगों द्वारा जमीन पर कब्जा करने और पीड़ित को धमकाने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने थाना प्रभारी दोराहा को शिकायती पत्र सौंपकर जान-माल की सुरक्षा और अदालती आदेश का पालन कराने की मांग की है।

​क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक पीड़ित मोहन सिंह दांगी तहसील श्यामपुर के ग्राम खाईखेड़ा के रहने वाले हैं। पीड़ित ने अहमदपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में पीड़ित ने बताया है कि गांव की ही खसरा नंबर 705/3 की कुल 10 एकड़ भूमि को लेकर विवाद चल रहा है।

पीड़ित ने आरोप लगाया है कि गांव के ही 47 वर्ष के कलीम अहमद ने छल-कपट से उनकी जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर लिए थे। इसके बाद कलीम अहमद ने सिविल कोर्ट में पीड़ित के खिलाफ एक व्यवहार वाद भी दायर किया था।

न्यायालय ने पीड़ित के पक्ष में सुनाया फैसला

मामले की सुनवाई बाद सिविल कोर्ट ने कलीम अहमद के दावे को खारिज कर दिया और वास्तविक मालिक मोहन सिंह दांगी के पक्ष में आदेश पारित कर दिया। जिसके बाद कानूनन जमीन का मालिकाना हक मोहन सिंह को मिलच चुका है।

न्यायालय के आदेश के बाद मिल रही धमकियों से सहमा परिवार

पीड़ित मोहन सिंह का आरोप है कि अदालत का फैसला आने के बाद भी कलीम अहमद इसे स्वीकार करने को तैयार नहीं है। उसके द्वारा लागातार मोहन सिंह को डराया-धमकाया जा रहा है। यही नहीं न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करते हुए जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास भी आरोपी द्वारा किया गया।​

कोर्ट में केस हार जाने के बाद बौखलाए कलीम अहमद द्वारा पीड़ित एवं उसके परिवार को लगातार धमकी और जान से मारने की बात कही जा रही है। जिससे पूरा परिवार भय के साये में है।

प्रशासन से जान बचाने की गुहार

पीड़ित मोहन सिंह दांगी ने थाना प्रभारी को दिए शिकायत पत्र में मांग की है कि न्यायालय के आदेश के पालन करवाया जाए। आरोपी कलीम अहमद की ओर से लगातार मिल रही धमकियों पर तुरंत एक्शन लिया जाए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m