रांची। सावन की पहली सोमवारी पर रांची के प्रसिद्ध पहाड़ी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए मंदिर प्रशासन, जिला प्रशासन और रांची नगर निगम ने सुरक्षा, दर्शन, सफाई और यातायात समेत सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।

सावन की पहली सोमवारी के अवसर पर रांची के विभिन्न शिवालयों में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है । रविवार को ही पहाड़ी मंदिर में करीब 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर बाबा भोलेनाथ का दर्शन किया।

सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सरकारी पूजा के बाद तड़के सुबह 3:30 बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए । सावन के दौरान मंदिर के कपाट दिनभर खुले रहेंगे। श्रद्धालु शाम 6 बजे तक जलाभिषेक कर सकेंगे। इसके बाद मंदिर की साफ-सफाई और बाबा का विशेष श्रृंगार होगा। संध्या आरती एवं प्रसाद वितरण के बाद रात 9 बजे तक श्रृंगार दर्शन का अवसर मिलेगा।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

भीड़ प्रबंधन के लिए मुख्य प्रवेश द्वार के बगल से श्रद्धालुओं के प्रवेश की विशेष व्यवस्था की गई है। जलाभिषेक के बाद श्रद्धालु मुख्य सीढ़ियों से बाहर निकलेंगे। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गई हैं तथा पूरे परिसर में बैरिकेडिंग की गई है।

मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल, मंदिर समिति के सदस्य और स्वयंसेवकों की तैनाती रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी और इसके लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया है।

सेवा शिविर और पूजन सामग्री की दुकानें

पहली सोमवारी के अवसर पर कई धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं की ओर से सेवा शिविर लगाए गए हैं, जहां श्रद्धालुओं को पूजन सामग्री और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। बानो मंजिल रोड, बालाजी मंदिर क्षेत्र और कमलाकांत रोड पर पूजन सामग्री, खिलौनों तथा खान-पान की अस्थायी दुकानें भी सज गई हैं।

सफाई अभियान और नगर निगम की तैयारी

श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए रांची नगर निगम ने पिछले एक सप्ताह से विशेष सफाई अभियान चलाया है। इस अभियान में 100 सफाईकर्मियों की तैनाती की गई है। पहाड़ी मंदिर परिसर और हरमू रोड से मंदिर तक के मार्ग की सफाई के साथ संक्रमण से बचाव के लिए ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी किया गया है। सोमवारी के दिन भी सफाईकर्मी पूरे दिन तैनात रहेंगे।

170 स्ट्रीट लाइटें हुईं दुरुस्त

स्वर्णरेखा नदी से जल लेकर पहाड़ी मंदिर पहुंचने वाले कांवरियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पूरे मार्ग में खराब पड़ी 170 स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त किया गया है, ताकि रात के समय भी श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

देवघर के लिए रवाना हुए कांवरिये

बोल बम के जयघोष के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु भागलपुर श्रावणी स्पेशल, मौर्य एक्सप्रेस, पाटलिपुत्र एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों से देवघर और सुल्तानगंज के लिए रवाना हुए। रांची रेलवे स्टेशन पूरे दिन “बोल बम” के जयघोष से गूंजता रहा।