प्रदीप मालवीय, उज्जैन। धर्म नगरी उज्जैन में महाकाल मंदिर के पास स्थित गुदरी चौराहा क्षेत्र के सतगुरु रेस्टोरेंट में एक बार फिर श्रद्धालुओं और स्टाफ के बीच विवाद ने हंगामा खड़ा कर दिया। राजस्थान के भीलवाड़ा से महाकाल दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं का कहना है कि उन्हें खराब खाना परोसा गया, जिसके बाद शिकायत करने पर विवाद बढ़ गया और मामला सड़क तक पहुंच गया। हद तो तब हो गई जब रेस्टोरेंट वालों ने शिकायत करने पर निपट लेने क बात कह दी। 

यह घटना गुरुवार रात करीब 11 बजे हुई, जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है। दरअसल जब राजेश काबरा अपने 22 पारिवारिक सदस्यों साथ सतयुग रेस्टोरेंट पहुंचे। परिवार का आरोप है कि रेस्टोरेंट स्टाफ ने उनकी शिकायतों पर अभद्रता की और उनके साथ मारपीट की। वीडियो में महिलाएं संघर्ष के दौरान चीखती हुई दिखाई दे रही हैं, जिससे सड़क पर जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।

पीड़ित परिवार ने बताया कि महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की की गई, जिसके कारण उन्हें चोटें आईं। इसके अलावा, मारपीट के दौरान सोने के आभूषण भी गायब होने का आरोप लगा।

रेस्टोरेंट के प्रबंधक मनोज कैप्टन ने कहा कि विवाद की शुरुआत ग्राहकों ने की थी और उनकी शिकायतों का उचित समाधान किया गया था। उन्होंने बताया कि 22 लोगों का कुल बिल 7 हजार रुपए था। 

इस घटना ने उज्जैन की सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m