अजयारविंद नामदेव, शहडोल। नवरात्रि में मां दुर्गा की आराधना, नौ दिनों तक भक्ति का उत्साह और फिर विदाई की बेला… लेकिन शहडोल में दुर्गा विसर्जन के बाद घर लौट रहे लोगों की खुशियां मातम में बदल गईं। कहीं डीजे की धुन के बीच मौत ने दस्तक दी, तो कहीं तेज रफ्तार वाहन को बचाने की कोशिश में चीख-पुकार मच गई। गोहपारू के सेमरा गांव में डीजे लोड पिकअप पलटने से कमलेश बैगा की मौत हो गई, जबकि जयसिंहनगर के मसीरा घाट के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 14 लोग घायल हो गए। दो हादसे, एक मौत और 14 जख्मी,सवाल यह है कि त्योहार की खुशियों के बीच सड़क पर सुरक्षा आखिर कहां पीछे छूट गई।
डीजे पिकअप पलटी, कमलेश बैगा की मौत
पहली घटना गोहपारू थाना क्षेत्र के सेमरा गांव की है। जानकारी के मुताबिक, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद डीजे लोड पिकअप गोहपारू से खन्नौधी की ओर जा रही थी। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में पिकअप में सवार कमलेश बैगा की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही गोहपारू पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
तेज रफ्तार पिकअप को बचाने में पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, 14 घायल
दूसरी घटना जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में मसीरा घाट से कुछ दूरी पर हुई। जानकारी के अनुसार, कर्की गांव के लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए मसीरा घाट पहुंचे थे, विसर्जन के बाद वापस लौटते समय सामने से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई,ट्रैक्टर-ट्रॉली में कुल 17 लोग सवार थे, जिनमें से 14 लोगों को चोटें आईं। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयसिंहनगर में भर्ती कराया गया।
वहीं इस मामले में गोहपारू थाना प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया को एक डीजे लोड पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गया जिसमें एक की मौत हो गई। वहीं जयसिंहनगर थाना प्रभारी ने भी जानकारी देते हुए बताया कि मसीरा घाट से कुछ दूरी पर एक दुर्गा मूर्ति विसर्जन कर वापस लौट रहा ट्रैक्टर पलट गया जिसमें सवार लोगों को चोटे आई है जिन्हें उपचार के जयसिंहनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

