हेमंत गुर्जर, बागली (देवास)। देवास जिले के कांटाफोड़ पुलिस थाना क्षेत्र से जुए के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। बैरागढ़ फॉरेस्ट चौकी के पास घने जंगलों में चल रहे अवैध जुए के फड़ पर पुलिस ने देर रात सुनियोजित तरीके से दबिश देकर 12 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से साढ़े पांच लाख रुपये से अधिक कैश समेत करीब 12.86 लाख रुपये मूल्य की सामग्री बरामद की है।
मुखबिर की सूचना पर देर रात संयुक्त रेड
एसडीओपी बागली संजय सिंह बैस के मार्गदर्शन में यह पूरी कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक, 18 सितंबर की रात गुप्त सूचना मिली थी कि बैरागढ़ के जंगल में बड़े पैमाने पर हार-जीत का दांव लगाया जा रहा है। सूचना मिलते ही बागली, उदयनगर, कांटाफोड़ थाने और चापड़ा चौकी की पुलिस टीमों को मिलाकर एक संयुक्त दल तैयार किया गया और जंगल की घेराबंदी की गई।
पुलिस को देखकर मची भगदड़, कई अंधेरे का फायदा उठाकर भागे
अचानक हुई इस छापामारी से जुआरियों में हड़कंप मच गया। घने जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ संदिग्ध मौके से भागने में सफल रहे, जबकि पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए 12 जुआरियों को मौके पर ही धर दबोचा।
लाखों का कैश, कार और मोटरसाइकिल जब्त
- नगद राशि: ₹5,55,100 नगद कैश
- वाहन: 1 फोर-व्हीलर कार और 5 मोटरसाइकिलें
- अन्य: 15 एंड्रॉयड स्मार्टफोन (कुल जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत ₹12,86,200 बताई गई है।)
जुआ एक्ट में मामला दर्ज, फरार की तलाश जारी
कांटाफोड़ थाना पुलिस ने पकड़े गए सभी 12 आरोपियों के विरुद्ध सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस अवैध कारोबार के मुख्य सरगना और फरार हुए अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाकर उनकी गिरफ्तारी की जा सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



