राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्य प्रदेश के देवास ब्लास्ट के बाद बीजेपी सांसद और फैक्ट्री मालिक की तस्वीर वायरल हो रही है। जिसमें भाजपा सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी और फैक्ट्री मालिक अनिल मालवीय नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि तस्वीर में सांसद महेंद्र सोलंकी, अनिल मालवीय का मुंह मीठा कराते हुए दिखाई दे रहे हैं। हादसे के बाद इस तस्वीर को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

देवास में हुए पटाखा फैक्ट्री विस्फोट के बाद सोशल मीडिया पर एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। इस तस्वीर में बीजेपी सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी और फैक्ट्री मालिक अनिल मालवीय एक साथ दिखाई दे रही है। वहीं इस पर सांसद की सफाई भी सामने आई है। महेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि कोई व्यक्ति मेरे से मिलता है, मेरे से हाथ मिलाता है, मेरे से बात करता है या पुराना परिचित होता तो उसके गुनाह माफ नहीं होते। मेरा परिचित भी होगा, उसने गलती की होगी तो ये भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

ये भी पढ़ें: MP के देवास में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट: 3 की मौत, एक दर्जन से ज्यादा घायल, धमाके से दहल उठा पूरा इलाका  

घायलों से मिलने पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी

इधर, घटना के बाद प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। एडीजी उज्जैन जोन राकेश गुप्ता, डीआईजी उज्जैन रेंज नवनीत भसीन और संभाग आयुक्त आशीष सिंह अमलतास अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों की स्थिति की जानकारी ली। संभाग आयुक्त आशीष सिंह, कलेक्टर और अन्य अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। इसके बाद संभाग आयुक्त आशीष सिंह जिला अस्पताल भी पहुंचे और वहां भर्ती घायलों की स्थिति का जायजा लिया।

नेता प्रतिपक्ष ने उठाए सवाल

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने अपने सोशल मीडिया एक्स अकाउंट पर लिखा- ‘देवास की पटाखा फैक्ट्री में हुआ भीषण विस्फोट सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्ट सिस्टम की भयावह सच्चाई है। 3 मजदूरों की दर्दनाक मौत, कई लोग गंभीर रूप से घायल, महिलाओं के लापता होने की खबरें और शवों के टुकड़े 20-25 फीट दूर तक बिखर जाना… यह दृश्य बेहद विचलित करने वाला है।’

ये भी पढ़ें: देवास पटाखा फैक्ट्री विस्फोट: CM डॉ मोहन ने दुख जताते हुए दिए घटना की जांच के आदेश, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख मुआवजा

उन्होंने आगे लिखा कि, ‘ग्रामीण लगातार आरोप लगा रहे हैं कि फैक्ट्री अवैध रूप से संचालित हो रही थी और शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। आखिर किसके संरक्षण में मौत का यह कारोबार चल रहा था? गरीब मजदूर 250-400 रुपये की दिहाड़ी के लिए अपनी जान जोखिम में डालें और सत्ता-प्रशासन आंखें बंद करके बैठा रहे, यह बेहद शर्मनाक और अमानवीय है। मुख्यमंत्री, सिर्फ जांच और मुआवजे की घोषणा से जिम्मेदारी खत्म नहीं होगी। दोषी फैक्ट्री संचालकों, जिम्मेदार अधिकारियों और संरक्षण देने वालों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। इस दु:खद हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिक भाइयों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करे।’

बीजेपी ने किया पलटवार

बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता अजय सिंह यादव ने कहा कि मामला दुखद है। मुख्यमंत्री में मामले पर तत्काल एक्शन लिया। मौके पर उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा को भेजा गया है। जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए है। मृतकों के परिवारों के साथ सरकार खड़ी हुई है। कांग्रेस की राजनीति का स्तर नहीं बचा, ऐसे संवेदनशील मामलों पर राजनीति नहीं करनी चाहिए।

ये है पूरा मामला

गौरतलब है कि देवास जिले के टोंककला बारूद फैक्ट्री में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। करीब 11:30 बजे अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे में 3 लोगों की मौत हुई है, जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। ब्लास्ट इतना तेज था कि शवों के टुकड़े 20 से 25 फीट दूर तक जा गिरे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हादसे में घायल तीन मरीजों को इलाज के इंदौर भेजा गया। तीनों घायल 80-90 प्रतिशत तक जले है। जिन्हें एमवाय अस्पताल की बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है। फैक्ट्री धमाके के कारणों का आधिकारिक खुलासा अभी नहीं हो पाया है। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हुई है। फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। हादसे के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा के मद्देनजर घेर लिया गया है। वहीं फैक्ट्री मालिक अनिल मालवीय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m