राकेश चतुर्वेदी, देवास। मध्यप्रदेश के देवास जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाली रसूलपुर बाईपास स्थित गुलाब बाग कॉलोनी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंगलवार रात करीब 8 बजे घर के बाहर खेल रही 17 महीने की एक मासूम बच्ची को एक्टिवा सवार युवक उठाकर ले जाने लगा। हालांकि, परिजनों और स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से बड़ा हादसा टल गया और बच्ची को सुरक्षित छुड़ाकर युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

घर के बाहर से उठा रहा था  

घटना के संबंध में बच्ची के दादा मोहम्मद शब्बीर ने बताया कि उनकी 17 माह की पोती (पिता मोहम्मद इखलास) घर के बाहर मौजूद थी। इसी दौरान एक अज्ञात एक्टिवा सवार युवक वहां पहुँचा और बच्ची को उठाकर अपने वाहन पर बैठाकर ले जाने लगा। बच्ची को ले जाते देख परिजनों ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद मोहल्ले के लोग सतर्क हो गए।

100 मीटर पीछा कर भीड़ ने दबोचा, पुलिस को सौंपा 

चीख-पुकार सुनकर जमा हुए लोगों ने हिम्मत दिखाई और करीब 100 मीटर की दूरी तक पीछा करके युवक को घेर लिया। ग्रामीणों ने बच्ची को सुरक्षित उसके चंगुल से छुड़ाया और युवक को पकड़कर औद्योगिक थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 और थाना पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुँचा और आरोपी को हिरासत में लिया।

युवक के पास से मिले बच्चों के सामान  

पकड़े गए युवक के पास से बच्चों के खाने-पीने का सामान जैसे बिस्किट, खजूर का पैकेट, प्लास्टिक चम्मच और एक सिरप की बोतल बरामद हुई है। इसके अलावा पुलिस ने मौके से आरोपी की एक्टिवा बाइक (नंबर: MP 04UK 7419) को भी जब्त कर लिया है।

पुलिस जांच में मानसिक रूप से अस्वस्थ लग रहा युवक

सीएसपी देवास सुमित अग्रवाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर युवक को अपनी कस्टडी में ले लिया था। प्रारंभिक पूछताछ में युवक स्पष्ट रूप से कुछ नहीं बता पा रहा है और वह मानसिक रूप से अविकसित प्रतीत हो रहा है। पुलिस फिलहाल जब्त की गई बाइक के नंबर के आधार पर उसके वास्तविक मालिक और युवक की पारिवारिक पृष्ठभूमि की जांच कर रही है। राहत की बात यह है कि मासूम बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है और अपने परिजनों के पास है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m