हर्षित तिवारी, खातेगांव (देवास)। देवास जिले के नेमावर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मधुमक्खियों का एक विशाल झुंड अचानक शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में घुस गया। उस वक्त कक्षाओं में नियमित पढ़ाई के साथ-साथ परीक्षाओं की तैयारी चल रही थी।

डेस्क के नीचे छिपकर बचने की कोशिश

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मधुमक्खियां तेजी से उड़ते हुए कक्षाओं और बरामदों के आसपास मंडराने लगीं। अचानक बनी इस स्थिति से छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में दहशत फैल गई। कई बच्चे अपनी सुरक्षा के लिए कक्षाओं से बाहर निकल गए, जबकि कुछ ने डेस्क के नीचे छिपकर खुद को बचाने का प्रयास किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय के प्राचार्य राजेंद्र हथेल ने तुरंत सूझबूझ का परिचय दिया।

ये भी पढ़ें: MP Budget Session 2026: MBBS छात्रा रोशनी की आत्महत्या का मामला उठा, मंत्री नरेंद्र बोले- ऐसी घटना दोबारा न हो ये सरकार की चिंता, CBI जांच की जरूरत नहीं, SIT सक्षम है

दूसरे स्कूल में स्थानांतरित

उन्होंने बच्चों को शांत रहने के निर्देश दिए और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। वरिष्ठ अधिकारियों से मार्गदर्शन लेने के बाद कक्षा 5वीं से 8वीं तक की चल रही परीक्षा को एहतियातन चित्रांश पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल, नेमावर में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया। सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित रूप से वहां पहुंचाया गया, जहां केंद्राध्यक्ष ओमप्रकाश दुबे के मार्गदर्शन में परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू कराई गई।

एक छात्रा और एक शिक्षक घायल

इस घटना में एक छात्रा और शिक्षक अर्जुन सिंह तोमर को मधुमक्खियों ने काट लिया। दोनों को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया। शिक्षक तोमर को बेहतर इलाज के लिए हरदा रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि वे एक बच्ची को बचाने के प्रयास में घायल हुए। फिलहाल दोनों की हालत सामान्य बताई जा रही है।

ये भी पढ़ें: बड़ा हादसाः नेत्रहीन युवक अमरकंटक नर्मदा नदी के रामघाट में डूबा, मौत, मृतक जबलपुर के शासकीय राज अपंग संस्थान का छात्र था

विद्यालय प्रशासन ने नगर परिषद और वन विभाग से संपर्क कर मधुमक्खियों के छत्ते को सुरक्षित हटाने की मांग की है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और शैक्षणिक गतिविधियां फिर से सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं, लेकिन एहतियात बरती जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m