न्यामुद्दीन अली, अनूपपुर। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में नर्मदा नदी में बड़ा हादसा हो गया। नदी में नहाने के दौरान एक नेत्रहीन युवक डूब गया और उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पीएम के लिए भिजवा दिया है।
दरअसल घटना अनूपपुर जिले की पवित्र नगरी अमरकंटक नर्मदा नदी के रामघाट की है जहां जबलपुर के शासकीय राज अपंग संस्थान में अध्यनरत 25 वर्षीय नेत्रहीन युवा शिरीष नामदेव की स्नान के दौरान डूबने से मौत हो गई है।
सभी साथी भी उसी की तरह नेत्रहीन
बताया जाता है कि युवक अपने अन्य साथियों के साथ रामघाट में स्नान कर रहा था, इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया।जिसे नहा रहे अन्य साथी नहीं देख पाए क्योंकि सभी साथी भी उसी की तरह नेत्रहीन थे। अमरकंटक पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।

