हेमंत गुर्जर बागली/सतवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले अंतर्गत सतवास थाना क्षेत्र के पीपलकोटा में बीती रात बेखौफ चोरों ने बाजार में जमकर तांडव मचाया। चोरों ने एक साथ करीब 8 दुकानों को अपना निशाना बनाकर पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। सुबह जब दुकानें टूटी मिलीं, तो व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने घटना के विरोध में करीब 2 घंटे तक बाजार बंद रखा।
शटर तोड़ उड़ाए नकदी, खेत में मिली चोरी की बाइक
जानकारी के अनुसार, वारदात देर रात करीब 2:30 बजे की है। चोरों ने किराना, मेडिकल और हार्डवेयर समेत 8 दुकानों के शटर और ताले तोड़कर नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोर एक बाइक भी चुरा ले गए थे, जिसे बाद में पास के खेत में छोड़कर फरार हो गए। चोरी की गई कुल रकम का आंकलन किया जा रहा है।
घटना के CCTV फुटेज सामने आए हैं, जिनमें संदिग्ध चोर नजर आ रहे हैं। आक्रोशित व्यापारी और ग्रामीण सतवास थाने पहुंचे और पुलिस को ज्ञापन सौंपकर गश्त बढ़ाने व चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


