शिवम मिश्रा, रायपुर। राजधानी रायपुर में गुटखा कारोबारी के ठिकाने पर डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) की टीम ने रेड मारी है। महाराष्ट्र से मिले इनपुट के बाद मंगलवार को तीन गाड़ियों में पहुंची अधिकारियों की टीम ने कारोबारी के ठिकाने पर जांच शुरू की। इस दौरान दस्तावेजों और गुटखे के स्टॉक की जांच की गई। कार्रवाई में गोदाम से 50 बोरों से ज्यादा सितार गुटखा जब्त किया गया है।

जानकारी के अनुसार, शदाणी दरबार मार्केट स्थित एक गोदाम में बड़ी मात्रा में सितार गुटखा रखे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद DGGI की टीम ने छापा मारा। गोदाम में रखे गुटखे का मालिक कौन है, इसका पता लगाने के लिए अधिकारी जांच में जुटे हुए हैं।

बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र से मिले इनपुट के बाद DGGI के अधिकारी रायपुर पहुंचे थे। इसके बाद तीन गाड़ियों में टीम कारोबारी के ठिकाने पर पहुंची और जांच शुरू की। मौके पर गोदाम मालिक और कुछ अन्य लोगों को भी बुलाकर पूछताछ की गई। पूरी कार्रवाई की DGGI की टीम ने वीडियो रिकॉर्डिंग भी की।

गुटखा कारोबारी बंटी का नाम आया सामने

DGGI सूत्रों के अनुसार, मंगलवार दोपहर जिस गोदाम में दबिश देकर गुटखा जब्त किया गया, वहां रखा माल गुटखा कारोबारी बंटी का बताया जा रहा है। कारोबारी बंटी का दुर्ग में एक पार्टनर भी है, जिसके ठिकाने पर पहले कार्रवाई हो चुकी है।

बताया जा रहा है कि कारोबारी बंटी महाराष्ट्र से अपना कारोबार संचालित कर रहा है। उसने महाराष्ट्र में कल्याण के पास फैक्ट्री स्थापित की है। वहीं से गुटखा तैयार कर छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, मुंबई और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में सप्लाई किया जा रहा है। फिलहाल मामले में जांच जारी है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H