धमतरी। सोशल मीडिया पर भ्रामक और एडिटेड वीडियो प्रसारित कर लोगों के बीच गलत संदेश फैलाने के मामले में धमतरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी का झंडा फहराए जाने से संबंधित एक पुराने वीडियो को एडिट कर उसे स्वतंत्रता दिवस से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर प्रसारित किया था। इस मामले में थाना सिटी कोतवाली में अपराध दर्ज किया गया था।
पुराने वीडियो को एडिट कर बनाया गया भ्रामक कंटेंट
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 22 मार्च 2026 को भाजपा कार्यालय कुरूद में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी का झंडा फहराया गया था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया था।
जांच में पुलिस को पता चला कि इसी मूल वीडियो को डाउनलोड कर एडिट किया गया। आरोप है कि वीडियो में “धमतरी में तिरंगे की जगह BJP का झंडा, स्वतंत्रता दिवस पर उठे सवाल” जैसे भ्रामक संदेश के साथ तिरंगे का प्रतीक भी जोड़ा गया और इसके बाद इसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।
मोबाइल जांच में सामने आई एडिटिंग और अपलोड की प्रक्रिया
पुलिस के अनुसार, इस मामले में थाना सिटी कोतवाली में धारा 336(4) और 353(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों भुनेश्वर निराला (उम्र 25 साल) और राकेश निराला (उम्र 35 साल) निवासी ग्राम जिल्दी, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को नोटिस भेजकर पूछताछ की। इसके बाद उनके मोबाइल फोन का विधिवत जांच किया गया और पंचनामा तैयार किया गया।
पुलिस के मुताबिक मोबाइल की जांच के दौरान विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और वीडियो एडिटिंग एप्लीकेशन मिले। जांच में यह बात सामने आई कि मूल वीडियो को डाउनलोड करने के बाद News Banao App की मदद से उसमें बदलाव किए गए। वीडियो में भ्रामक शीर्षक और तिरंगे का प्रतीक जोड़ा गया। इसके बाद एडिट किया गया वीडियो Instagram और Facebook पर अपलोड किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बाद में वीडियो डिलीट किए जाने की बात बताई। जांच के दौरान Instagram के Recently Deleted सेक्शन में भी संबंधित वीडियो के साक्ष्य मिले। पुलिस ने आवश्यक स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित कर लिया। वहीं, आरोपी राकेश निराला के मोबाइल फोन की जांच के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी का झंडा फहराए जाने से संबंधित तस्वीरें भी मिलीं। पुलिस ने इन तस्वीरों के स्क्रीनशॉट लेकर पंचनामा तैयार किया।
दो आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल फोन जब्त
पुलिस के अनुसार विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को 18 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। दोनों मोबाइल की कुल अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
सोशल मीडिया यूजर्स से पुलिस की अपील
धमतरी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी वीडियो, फोटो या समाचार को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि जरूर करें। पुलिस ने कहा कि एडिटेड या भ्रामक सामग्री को सोशल मीडिया पर प्रसारित करना कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है।
पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक इस्तेमाल करने और बिना पुष्टि किसी भी संवेदनशील सामग्री को आगे साझा नहीं करने की अपील की है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


