प्रतीक पटनायक, धमतरी। धमतरी में बदमाशों की दबंगई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो ने जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल रील में कुछ युवक एक युवक की बेरहमी से पिटाई करते नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं, उसे पीटते समय उससे “बाप बोल” कहने के लिए मजबूर किया जा रहा है और चप्पल पर थूककर उसकी पिटाई की जा रही है।

वीडियो में पीड़ित युवक बदमाशों से मिन्नतें करता दिखाई दे रहा है। वह माफी मांगते हुए खुद को छोड़ देने की गुहार लगा रहा है, लेकिन आरोपी लगातार उसके साथ मारपीट करते रहते हैं।

क्या है मामला
जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला धमतरी जिले के ग्राम खरतुली का है। बताया जा रहा है कि दूसरे गांव के कुछ युवकों ने खरतुली के एक युवक के साथ मारपीट की और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद खरतुली गांव के ग्रामीणों की भी प्रतिक्रिया सामने आई।
ग्रामीणों ने उन बदमाशों को पकड़कर खंभे से बांध दिया और उनकी पिटाई कर दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उक्त बदमाशों को पकड़कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
हालांकि, इस वीडियो ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या गुंडे-बदमाशों में अब कानून का खौफ खत्म हो चुका है? सोशल मीडिया पर खुद को ‘डॉन’ दिखाने के लिए इस तरह के वीडियो बनाने का युवाओं पर क्या प्रभाव पड़ेगा?
फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

