धनबाद। भाकपा (माओवादी) के पोलित ब्यूरो सदस्य और 2.20 करोड़ रुपये के इनामी मिसिर बेसरा उर्फ सागर उर्फ भास्कर उर्फ सुर्निमल समेत तीन हार्डकोर नक्सलियों से अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA), इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और कई राज्यों की पुलिस पूछताछ करेगी। धनबाद की अदालत ने गुरुवार को तीनों आरोपियों को 14 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
कोर्ट से अनुमति के बाद रिमांड पर लिया
अदालत की अनुमति मिलने के बाद बरवाअड्डा थाना पुलिस तीनों नक्सलियों को देर शाम रिमांड पर लेकर आई। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान कई राज्यों में फैले माओवादी नेटवर्क, संगठन की गतिविधियों, हथियारों की आपूर्ति और लंबित मामलों से जुड़े अहम खुलासे हो सकते हैं।
NIA, IB समेत कई एजेंसियों को भेजा गया पत्र
धनबाद पुलिस ने पूछताछ के लिए NIA, IB, बिहार पुलिस, ओडिशा पुलिस और पश्चिम बंगाल पुलिस को पत्र भेजा है। संबंधित एजेंसियों की टीमें धनबाद पहुंचने के बाद अपने-अपने मामलों के संबंध में तीनों से अलग-अलग पूछताछ करेंगी। माना जा रहा है कि इससे माओवादी संगठन के नेटवर्क, सहयोगियों और गतिविधियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।
14 दिन की पूछताछ में खुल सकते हैं कई राज
जांच एजेंसियां रिमांड के दौरान यह पता लगाने का प्रयास करेंगी कि तीनों नक्सली किन बड़ी वारदातों की योजना बना रहे थे, विभिन्न राज्यों में हुई हिंसक घटनाओं में उनकी क्या भूमिका रही, कितनी हत्याओं और सुरक्षा बलों पर हुए हमलों में वे शामिल रहे। इसके अलावा संगठन के सक्रिय सदस्यों, ठिकानों, हथियारों की आपूर्ति और फंडिंग नेटवर्क से जुड़ी जानकारी भी जुटाई जाएगी।
रिमांड पर लिए गए नक्सली
मिसिर बेसरा उर्फ सागर उर्फ भास्कर उर्फ सुर्निमल – ₹2.20 करोड़ का इनामी, भाकपा (माओवादी) पोलित ब्यूरो सदस्य।
मेहनत उर्फ मोछू उर्फ विभीषण – ₹15 लाख का इनामी माओवादी।
गौरव उर्फ वीरेंद्र हांसदा उर्फ सौरभ – संगठन का सक्रिय सदस्य, जिसे भी पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि इन तीनों से पूछताछ में माओवादी संगठन की गतिविधियों और अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे सामने आ सकते हैं।


