धनबाद। धनबाद पुलिस ने फरार अपराधी प्रिंस खान और उसके भाई गोपी खान के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के निरंकारी चौक के पास लेवी वसूलने पहुंचे तीन अपराधियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। बदमाशों की फायरिंग के बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो अपराधियों के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस को देखते ही अपराधियों ने की फायरिंग

जानकारी के मुताबिक, एक बाइक पर सवार तीन अपराधी लेवी वसूलने के लिए इलाके में पहुंचे थे। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।

मुठभेड़ में पुटकी निवासी शूटर नजीर अंसारी (36) और वासेपुर निवासी इरफान अंसारी (35) के पैर में गोली लगी। दोनों को पुलिस की निगरानी में इलाज के लिए SNMMCH में भर्ती कराया गया है।

एक अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

फायरिंग के दौरान तीसरा अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है।

मौके से हथियार, मोबाइल और बाइक बरामद

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी रित्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब और मुख्यालय-1 डीएसपी कुमार विनोद समेत धनबाद और बरवाअड्डा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची।पुलिस ने घटनास्थल से हथियार, मोबाइल फोन और बाइक बरामद की है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

गोपी खान से फोन पर बातचीत का भी खुलासा

एसएसपी प्रभात कुमार के अनुसार, तीनों अपराधी लेवी वसूलने के लिए पहुंचे थे और पुलिस टीम के पहुंचते ही उन्होंने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो अपराधी घायल हुए, जबकि तीसरा फरार हो गया।

जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपियों में से एक की फोन पर गोपी खान से बातचीत हो रही थी। पुलिस अब इस कनेक्शन की भी जांच कर रही है। फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।