धनबाद। बलियापुर के ढांगी पहाड़ी इलाके में मिली सिर कटी युवती की लाश के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। 11 सितंबर को बरामद शव की पहचान के बाद शुरू हुई जांच में पुलिस को कई अहम सुराग मिले। CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, युवती के प्रेम विवाह को लेकर नाराजगी हत्या की मुख्य वजह सामने आई है।

11 सितंबर को मिला था युवती का शव

ढांगी पहाड़ी की तलहटी के पास 11 सितंबर को एक युवती का सिर कटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। जांच के बाद मृतका की पहचान गिरिडीह के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बहादुरपुर निवासी संदीप रवानी की पुत्री के रूप में हुई। बताया गया कि वह 9 सितंबर से लापता थी। मामले में बलियापुर थाना कांड संख्या 155/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

CCTV और तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से संदिग्धों तक पहुंच बनाई।

पुलिस ने जयराम रवानी, निवासी डोमनपुर, राजगंज; किशोर महतो, निवासी प्रधानखंता, बगानधार, बलियापुर; आलोमनी देवी, पत्नी सुभाष रजवार और राम प्रसाद रजवार, निवासी करमाटांड़, छुपकाटांड़, बलियापुर को गिरफ्तार किया है।

प्रेम विवाह से नाराज था मुख्य आरोपी, पुलिस का दावा

एसडीपीओ के अनुसार, जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी संतोष रवानी मृतका के प्रेम विवाह से नाराज था। पुलिस का आरोप है कि इसी नाराजगी के चलते साजिश रची गई और युवती की हत्या कर दी गई।

पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को क्षत-विक्षत कर ढांगी पहाड़ी के पास फेंका गया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की बात पुलिस ने कही है।

चाकू, चप्पल और पूजा सामग्री बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया बड़ा धारदार चाकू, मृतका की चप्पल और पूजा सामग्री बरामद की है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस का कहना है कि हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने के लिए पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।