धनबाद। झारखंड के धनबाद जिले में सोमवार को जीटी रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के कासीटांड के पास हुआ, जहां रॉन्ग साइड से आ रही बाइक पहले एक कार से टकराई और फिर सड़क पर गिरने के बाद तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा से कोलकाता जा रही कार (HR-26-AW-4761) को अमिताभ बोस चला रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा यानी रॉन्ग साइड से आ रही बाइक (JH-10-CP-9924) अचानक कार से भिड़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार दोनों युवक सड़क पर जा गिरे। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक सवार को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल का अस्पताल में चल रहा इलाज
सूचना मिलते ही बरवाअड्डा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH), धनबाद भेजा। डॉक्टरों के अनुसार घायल की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारण कुछ समय तक जीटी रोड पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सामान्य कराया।
मृतक और घायल की पहचान में जुटी पुलिस
समाचार लिखे जाने तक मृतक और घायल दोनों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर, मिले दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उनकी पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही परिजनों का पता लगाने की कोशिश भी जारी है।
प्रारंभिक जांच में रॉन्ग साइड ड्राइविंग बनी वजह
बरवाअड्डा थाना पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का प्रमुख कारण रॉन्ग साइड से बाइक चलाना सामने आया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हादसे की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। अधिकारियों ने लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और यातायात नियमों की अनदेखी न करने की अपील की है।


