रेणु अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश के धार जिले के एक गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ अचानक बस्ती क्षेत्र में घुस आया गया। तेंदुए के हमले में एक महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई। वहीं वन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। यह पूरा मामला धामनोद वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुजरी डेहरिया बस्ती का है।

धार के धामनोद अंतर्गत ग्राम गुजरी डेहरिया बस्ती में तेंदुए ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले में एक महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान महेश वास्केल, ग्यारसी लाल सोलंकी, कांताबाई राठौड़ और विकास पिता गोकुल डावर निवासी बडवेल के रूप में हुई है।

दो की हालत गंभीर

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश शुरू की। सभी घायलों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुजरी में इलाज कर जिला अस्पताल रेफर किया गया। जहां सर्जिकल वार्ड में इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिया के नीचे छिपकर बैठा था

घायलों के अनुसार, तेंदुआ डेहरिया गांव में नाला के समीप पुलिया के नीचे छुपा हुआ था। घर के बाहर महिला कपड़े धो रही थी इसी दौरान तेंदुए ने महिला पर हमला कर दिया। जिस पर महिला जोर से चिल्लाई, आसपास मौजूद लोग बचाने के लिए पहुंचे, जिसकी वजह से चार लोग घायल हो गए। डॉ बाजबहादुर सिंह एसके ने बताया कि घायलों को धार के जिला अस्पताल लाया गया है। जहां इलाज जारी है।

अभी भी बस्ती में है तेंदुआ

बताया जा रहा है कि तेंदुआ अभी भी बस्ती के आसपास ही मौजूद है, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। प्रशासन ने लोगों से घरों में सुरक्षित रहने और अनावश्यक बाहर न निकलने की अपील की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m