रेणु अग्रवाल, धार । मध्य प्रदेश के धार जिले में इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर एक दर्दनाक सड़क हादसा होने से बाल-बाल टल गया। फोरलेन स्थित ग्राम हातोद के पास एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत यह रही कि कार चला रहे पुलिसकर्मी को समय रहते जलने की बदबू महसूस हो गई, जिससे उन्होंने तुरंत कार को किनारे खड़ा कर दिया और बाहर निकल आए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

रायपुरिया से इंदौर जा रहे थे पुलिसकर्मी 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में सवार पुलिसकर्मी पीएस भूरिया रायपुरिया से इंदौर की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार धार जिले के अमझरा थानांतर्गत हातोद के पास पहुँची, उन्हें अचानक कार के अंदर से जलने की तेज बदबू महसूस हुई। स्थिति को भाँपते हुए उन्होंने बिना देरी किए कार को सड़क के किनारे खड़ा कर दिया और तुरंत वाहन से बाहर निकल आए।

देखते ही देखते विकराल हुई आग 

पुलिसकर्मी के बाहर निकलते ही कार से भीषण लपटें उठने लगीं और कुछ ही मिनटों में पूरी कार आग का गोला बन गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों की सूचना पर अमझरा थाना पुलिस और दमकल की गाड़ी तुरंत मौके पर पहुँची। हालांकि, जब तक फायर ब्रिगेड मौके पर पहुँची, तब तक कार पूरी तरह जलकर राख में तब्दील हो चुकी थी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m