MP Road Accident: मध्य प्रदेश में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे है। धार जिले में मजदूरों से भरी पिकअप और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। जिसमें 14 मजदूर घायल हो गए। सीहोर जिले में एक कार मोबाइल शोरूम में जा घुसी, गनीमत रही कोई जनहानि नहीं हुई। वहीं ग्वालियर में एक कार की बोनट में आग लग गई। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई। चालक ने आनन फानन में गाड़ी से नीचे कूदकर अपनी जान बचाई।
धार में पिकअप और कार में टक्कर, 14 मजदूर घायल
रेणु अग्रवार, धार। जिले के नालछा थाना क्षेत्र के कागदीपुरा फाटे के पास सोमवार शाम मजदूरों से भरी पिकअप और सामने से आ रही कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप वाहन पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 30 से अधिक मजदूर पिकअप वाहन से ग्राम जामली में सोयाबीन की कटाई के लिए गए थे। दिनभर फसल काटने के बाद शाम को मजदूर अपने-अपने गांवों की ओर लौट रहे थे। रास्ते में अलग-अलग गांवों के मजदूरों को उतारते हुए पिकअप आगे बढ़ रही थी। हादसे के समय ड्राइवर समेत करीब 17 मजदूर पिकअप में सवार थे। इनमें किशोर और किशोरियां भी शामिल थे।
एक गंभीर घायल इंदौर रेफर
इसी दौरान कागदीपुरा फाटे के पास नालछा की ओर से आ रही कार से पिकअप की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 14 मजदूर घायल हुए हैं। सूचना के बाद 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को नालछा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। इनमें से 9 घायलों को उपचार के लिए धार जिला अस्पताल लाया गया, जबकि अन्य घायलों का नालछा में उपचार किया जा रहा है। एक गंभीर घायल को इंदौर रेफर किया गया है। कुछ घायलों को धार जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है।
नालछा थाना प्रभारी प्रह्लाद डिंडोरी ने बताया कि हादसे में कार में सवार चार लोगों को भी चोट आई है। चारों लोग अपने स्तर पर उपचार के लिए अस्पताल चले गए। पिकअप में सवार अर्जुन ने बताया कि वे ग्राम जामली से सोयाबीन की फसल काटकर अपने गांवों की ओर लौट रहे थे। रास्ते में मजदूरों को उनके गांवों में उतारते हुए पिकअप आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान कागदीपुरा फाटे के पास सामने से आ रही कार से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही नालछा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीहोर में मोबाइल शोरूम में घुसी कार
अनिल मालवीय, सीहोर। शहर के व्यस्ततम आनंद डेरी चौराहे पर देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार अनियंत्रित चार पहिया वाहन सीधे एक मोबाइल शोरूम में जा घुसा। हादसा इतना भीषण था कि दुकान का मुख्य कांच का दरवाजा पूरी तरह टूटकर चकनाचूर हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, सफेद रंग की कार चौराहे के पास अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे दुकान के अंदर घुस गई। घटना के दौरान दुकान के फ्रंट और एंट्रेंस एरिया में कांच के टुकड़े चारों तरफ बिखर गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों का जमावड़ा लग गया। गनीमत यह रही कि इस दौरान कोई बड़ी जनहानि होने से टल गई, हालांकि दुकान के फ्रंट ग्लास और डिस्प्ले काउंटर को भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दुकान के बाहर फैले कांच के टुकड़ों और मलबे को साफ किया गया। मामले में आगे की कार्रवाई और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

ग्वालियर में कार बनी आग का गोला
कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। शहर के सिटी सेंटर स्थित आनंद मार्ट के बाहर एक स्विफ्ट कार के बोनट में अचानक आग लग गई। चालक ने आनन फानन में गाड़ी रोक कूदकर अपनी जान बचाई। उसके सामने देखते ही देखते कार आग का गोला बन गयी। मौके पर आनंद मार्ट के एक कर्मचारी ने फायर एक्सटिंग्विशर से आग बुझाने का प्रयास किया और कुछ देर की मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पा लिया। लेकिन तब तक कार जलकर खाक हो चुकी थी। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया और चालक की जान बच गयी। आशंका है कि शॉर्ट सर्किट से इंजन में यह आग लगी। हालांकि क्या कोई अन्य कारण भी आग लगने की वजह रहा, यह जांच के बाद ही साफ हो सकेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


