रेणु अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में जहरीली शराब पीने से एक युवक की संदिग्ध मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। परिजनों का आरोप है कि युवक ने रास्ते से शराब खरीदकर पी थी, जिसके तुरंत बाद उसकी तबीयत बिगड़ी और अस्पताल में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने परिजनों से मुलाकात कर आबकारी विभाग और प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया है।
मामा के घर से लौटते समय पी थी शराब
जानकारी के अनुसार, मामला धार जिले के दिगठान चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम रतवा का है। मृतक की पहचान नवीन चौधरी (उम्र 30 वर्ष) के रूप में हुई है। मृतक के परिजन सुमित चौधरी द्वारा दिगठान चौकी में दी गई शिकायत के अनुसार, नवीन अपने मामा के गांव माचल गए थे। वहां से वापस घर लौटते समय उन्होंने रास्ते में किसी जगह से शराब खरीदी और उसका सेवन किया।
उल्टियां होने पर अस्पताल में कराया भर्ती
आरोप है कि शराब पीने के कुछ ही देर बाद नवीन की अचानक तबीयत खराब होने लगी और उन्हें लगातार उल्टियां आने लगीं। घबराए परिजन उन्हें तत्काल दिगठान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुँचे, लेकिन हालत में सुधार न होने पर धार के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान नवीन की मौत हो गई। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के चलते जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
परिजनों ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग
परिजनों को पक्का संदेह है कि नवीन द्वारा सेवन की गई शराब जहरीली या अत्यधिक मिलावटी थी, जिसकी वजह से उसकी जान चली गई। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि शराब कहाँ से खरीदी गई थी, उसका स्रोत क्या था और वह जहरीली थी या नहीं, इसकी गहन व निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
कांग्रेस ने सागर कांड का हवाला देकर प्रशासन को घेरा
युवक की मौत और परिजनों के आरोपों के बाद राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष स्वतंत्र जोशी अपने कार्यकर्ताओं के साथ पीड़ित परिवार से मिलने पहुँचे। परिजनों से बातचीत के बाद जोशी ने जिला प्रशासन और आबकारी विभाग पर जिले में अवैध व जहरीली शराब के कारोबार को बढ़ावा देने का गंभीर आरोप लगाया। सागर के बंडा में हुए जहरीली शराब कांड का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की और अवैध शराब पर रोक नहीं लगाई, तो कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


