Odisha Desk, पुरी: ओडिशा के पवित्र धाम पुरी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं को सुगम और अनुशासित दर्शन कराने के उद्देश्य से नए साल से पहले ‘धाड़ी दर्शन’ प्रणाली लागू की जाएगी। ओडिशा के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने शुक्रवार को इस बात की आधिकारिक घोषणा की।

कानून मंत्री ने बताया कि पवित्र कार्तिक मास के समापन के तुरंत बाद और नए साल की शुरुआत से पहले इस नई दर्शन व्यवस्था को शुरू करने की पूरी संभावना है। इस संबंध में प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।

प्रस्तावित योजना के अनुसार, मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को एक साथ और बिना किसी अव्यवस्था के दर्शन कराने के लिए 8 विशेष रैंप लगाए जाएंगे।

इस नई तकनीक और व्यवस्था के माध्यम से प्रति घंटे लगभग 10,000 श्रद्धालु महाप्रभु जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा के दर्शन कर सकेंगे।यह विशेष कतार परिसर मंदिर के भीतर स्थित गरुड़ स्तंभ और ‘बाहरी काठ’ (बाहरी लकड़ी का बैरिकेड) के बीच स्थापित किया जाएगा।

कानून मंत्री के अनुसार, ये रैंप एक कोलैप्सिबल ब्रिज तकनीक पर काम करेंगे। दर्शन के निर्धारित समय के दौरान इन्हें खोल दिया जाएगा और मंदिर की दैनिक नीतियों एवं अनुष्ठानों के दौरान इन्हें बंद कर दिया जाएगा।

इस पूरी दर्शन प्रणाली को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए आईआईटी भुवनेश्वर (IIT Bhubaneswar)से तकनीकी सहयोग लिया गया है।

मंत्री ने आगे बताया कि बहुत जल्द ‘छतीशा निजोग’ और श्री जगन्नाथ मंदिर प्रबंध समिति इस पूरी व्यवस्था की अंतिम समीक्षा करेगी। उनकी औपचारिक स्वीकृति मिलते ही इसे नए साल से पूर्व लागू कर दिया जाएगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H