सुरेंद्र जैन, धरसीवां। राजधानी रायपुर के धरसीवां थाना क्षेत्र के सिलयारी चौकी अंतर्गत नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में रायपुर ग्रामीण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने जहां विवेचना में लापरवाही बरतने पर सिलयारी चौकी प्रभारी जितेंद्र दुबे को निलंबित कर दिया है, वहीं पूरे मामले की जांच अब धरसीवां थाना प्रभारी राजेंद्र दीवान को सौंपी गई है।

narayana

पुलिस के अनुसार, 18 अप्रैल 2026 को नाबालिग के पिता ने सिलयारी चौकी में बेटी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने अगले ही दिन नाबालिग को दस्तयाब कर लिया था। इसके बाद महिला पुलिस अधिकारियों द्वारा उसका बयान दर्ज किया गया और बाल कल्याण समिति तथा न्यायालय के समक्ष भी प्रस्तुत किया गया। उस समय नाबालिग ने किसी प्रकार के अपराध से इनकार किया था, जिसके आधार पर मामले को खारिज करने का प्रस्ताव वरिष्ठ कार्यालय भेजा गया था।

वायरल वीडियो ने बदली जांच की दिशा

इसी दौरान मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें नाबालिग के दादा कथित तौर पर घटना को दबाने के लिए पैसे लेते हुए दिखाई दिए। वीडियो सामने आने के बाद एसपी ग्रामीण ने मामले को गंभीरता से लिया और खारिज करने के प्रस्ताव को अस्वीकार करते हुए पुनः विस्तृत जांच के निर्देश दिए।

दोबारा जांच के दौरान नाबालिग का पुनः बयान दर्ज किया गया। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर अपराध की पुष्टि होने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार करने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

अलग-अलग जगहों पर वारदात को दिया गया अंजाम

धरसीवां थाना प्रभारी राजेंद्र दीवान ने बताया कि जांच में सामूहिक दुष्कर्म की बात सामने नहीं आई है। पुलिस के मुताबिक, 17 अप्रैल को नाबालिग के कथित ब्वॉयफ्रेंड का मित्र ईश्वर धृतलहरे (36 वर्ष), निवासी देवगांव, थाना खरोरा उसे अपने घर ले गया, जहां उसने दुष्कर्म किया।

इसके बाद अगले दिन नाबालिग को बहोरी नाला पथरी ले जाया गया, जहां उसके कथित ब्वॉयफ्रेंड तारकेश्वर मानिकपुरी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद नाबालिग को उसके मामा के घर छोड़ दिया गया था। पुलिस का कहना है कि शादी का झांसा देकर नाबालिग का शोषण किया गया।

पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई, जांच जारी

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले की विवेचना अभी भी जारी है। पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।

चौकी प्रभारी की लापरवाही पर कार्रवाई

रायपुर ग्रामीण पुलिस के अनुसार, नाबालिग के अपहरण जैसे संवेदनशील मामले में स्थानीय सूचनाओं और सामाजिक स्तर पर मिल रहे संकेतों को गंभीरता से नहीं लिया गया। प्रकरण को केवल कानूनी प्रक्रिया के नजरिए से देखा गया, जबकि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गहन जांच की आवश्यकता थी। इसी वजह से सिलयारी चौकी प्रभारी जितेंद्र दुबे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस अधीक्षक कार्यालय से संबद्ध किया गया है। साथ ही उनके खिलाफ प्रारंभिक जांच भी शुरू कर दी गई है।

सुशील वर्मा को मिला सिलयारी चौकी का प्रभार

निलंबन के बाद धरसीवां थाने में पदस्थ उपनिरीक्षक सुशील वर्मा को अस्थायी रूप से सिलयारी चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे भी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई जारी रहेगी।

भाजपा और कांग्रेस ने उठाया था मामला

गौरतलब है कि नाबालिग से दुष्कर्म के इस मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया था। भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के नेताओं ने मामले को प्रमुखता से उठाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की थी। राजनीतिक दबाव और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H