रेवाड़ी: धारूहेड़ा में एटीएम से छेड़छाड़ कर नकदी निकालने का प्रयास करने वाली दो युवतियों की पहचान हो गई है। पुलिस ने मामले में दोनों सगी बहनों को गिरफ्तार किया है। दोनों राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के एक गांव की रहने वाली बताई जा रही हैं।

पुलिस के मुताबिक, दोनों बहनें 10 अगस्त को बाइक से सामान खरीदने के लिए धारूहेड़ा आई थीं। खरीदारी के दौरान पैसे कम पड़ने पर दोनों ने एटीएम से नकदी निकालने की योजना बनाई। इसके बाद वे बस स्टैंड के पास स्थित एक एटीएम पर पहुंचीं।

आरोप है कि दोनों ने एटीएम की मनी ट्रे के साथ छेड़छाड़ कर रुपये निकालने का प्रयास किया, लेकिन वे अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सकीं। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने दोनों युवतियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है और यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दोनों ने इससे पहले किसी अन्य एटीएम पर भी इस तरह की कोशिश की थी या नहीं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m