धनेश विद्यार्थी, रेवाड़ी। औद्योगिक नगरी धारूहेड़ा और इसके आस पास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आगजनी की घटनाओं से लोगों को त्वरित राहत देने की दिशा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार ने एक नया कदम उठाया है।

जिला रेवाड़ी के कस्बा धारूहेड़ा को सोमवार के दिन अपना दूसरा फायर स्टेशन मिल गया। रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने इसको रिबन काटकर लोगों को समर्पित किया।

बता दें कि इस नए फायर स्टेशन के शुरू होने से विशेष रूप से धारूहेड़ा औद्योगिक क्षेत्र और आस पास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में होने वाले हादसों के दौरान दमकल गाड़ियों को मौके पर पहुंचने में लगने वाले समय में भारी कमी आएगी।​नवनिर्मित फायर स्टेशन में तत्काल प्रभाव से 2 दमकल गाड़ियां और 10 दमकल कर्मियों के स्टाफ तैनाती भी कर दी गई है। इस केंद्र के शुरू हो जाने के बाद अब औद्योगिक इकाइयों या रिहायशी इलाकों में आग लगने की जानकारी मिलने पर दूर के क्षेत्र से गाड़ियां बुलाने की आवश्यकता नहीं होगी।


इस मौके पर रेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार देने पहुंचे विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने लगभग 2.5 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले बिजली निगम के नए कार्यालय भवन का शिलान्यास भी किया। विधायक लक्ष्मण यादव ने कहा कि कस्बा धारूहेड़ा एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र है, जहां अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम बेहद ज़रूरी हैं। नया फायर स्टेशन स्थानीय उद्योगों और निवासियों को बड़ी राहत देगा।

उन्होंने बताया कि कस्बा धारूहेड़ा के बाद जल्द रेवाड़ी शहर को भी नया और आधुनिक सुविधाओं से युक्त फायर स्टेशन मिलने जा रहा है। उन्होंने कहा कि नए कार्यालय के बनने से बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सकेगा।
विधायक यादव ने भारतीय जनता पार्टी की ओर से उनको हाल में प्रदेश उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपे जाने पर अपनी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद किया।

उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारी और जनसेवा के संकल्प को पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे। इन कार्यक्रमों के दौरान धारूहेड़ा नगर पालिका के चेयरमैन अजय कुमार जांगड़ा, अग्निशमन अधिकारी नीतीश भारद्वाज, सहायक अग्नि सुरक्षा अधिकारी संजय ढिल्लो समेत अग्निशमन विभाग के कर्मचारी, औद्योगिक कंपनियों के प्रतिनिधि, नगर पार्षद और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।