सपा विधायक प्रदीप यादव ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान श्रीकृष्ण पर दिए बयान को लेकर टिप्पणी की. उन्होंने प्रदेश सरकार की बुलडोजर कार्रवाई पर भी सवाल उठाते हुए न्यायिक प्रक्रिया का पालन करने की बात कही.
औरैया. समाजवादी पार्टी के दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण और भगवान राम में कोई अंतर नहीं है और दोनों समान रूप से पूजनीय हैं.
विधायक ने सवाल उठाया कि जब दोनों भगवान समान हैं, तो धीरेंद्र शास्त्री किस आधार पर उनके बीच विभाजन करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर लोगों की आस्था और भावनाओं को बांटना उचित नहीं है.
सुरक्षा पर कसा तंज
प्रदीप यादव ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सुरक्षा को लेकर भी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि बागेश्वर धाम सरकार की किस्मत अच्छी है कि उन्हें सरकार की ओर से कड़ी सुरक्षा मिली हुई है. उनके मुताबिक, यदि इतनी सुरक्षा नहीं होती तो जहां-जहां धीरेंद्र शास्त्री जाते, वहां कृष्ण भक्त उन्हें जवाब देते.
बुलडोजर कार्रवाई पर सवाल
सपा विधायक ने प्रदेश सरकार की बुलडोजर कार्रवाई की भी आलोचना की. उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई अब एक प्रथा बनती जा रही है और अलग-अलग मुख्यमंत्री भी इसी तरीके को अपना रहे हैं.
प्रदीप यादव ने कहा कि किसी भी अपराध के दोषी को सजा देने का अधिकार न्यायालय के पास है. ऐसे मामलों में कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए और न्यायिक प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए.
धर्म की राजनीति पर निशाना
विधायक ने प्रदेश सरकार पर धार्मिक मुद्दों के जरिए राजनीति करने और समाज को बांटने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि सरकार को धर्म के नाम पर राजनीति करने के बजाय जनता से जुड़े बुनियादी मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए.
प्रेस वार्ता के दौरान कानपुर देहात की सिकंदरा विधानसभा सीट से पूर्व प्रत्याशी प्रभाकर पांडेय सहित समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.

