कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। एमपी की ग्वालियर नगर निगम की टेंडर शाखा से डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट यानी DSC डोंगल गायब होने का मामला सामने आया है। नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने इस मामले में थाना विश्वविद्यालय पुलिस को FIR दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। शिकायत में वार्ड क्रमांक 21 के पार्षद पर डोंगल उठाकर जेब में रखने और अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया गया है।

दरअसल मामला 23 जुलाई 2026 का है। नगर निगम मुख्यालय की टेंडर शाखा में बिजली विभाग के टेंडर से संबंधित काम के लिए प्रभारी सहायक यंत्री का डिजिटल सिग्नेचर डोंगल टेबल पर रखा हुआ था। इसी दौरान वार्ड क्रमांक 21 के पार्षद बृजेश श्रीवास के टेंडर शाखा में आने का जिक्र शिकायत में किया गया है। 

शिकायत के मुताबिक, पार्षद के जाने के बाद जब बिजली विभाग के टेंडर के लिए डोंगल की जरूरत पड़ी तो वह टेबल पर नहीं मिला। टेंडर शाखा में काफी तलाश की गई, लेकिन डोंगल नहीं मिला। इसके बाद कार्यालय में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी गई। 

शिकायत में दावा किया गया है कि फुटेज में पार्षद द्वारा टेबल पर रखा डिजिटल सिग्नेचर डोंगल उठाकर अपनी जेब में रखने और उसे अपने साथ ले जाने की बात सामने आई। नगर निगम आयुक्त ने मामले में नोडल अधिकारी को थाना विश्वविद्यालय पहुंचकर संबंधित के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए FIR दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। अब पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच और आगे की कार्रवाई करेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m