कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर के बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज़ हादसे को लेकर अब बड़ा और सनसनीखेज खुलासा हुआ है। जिस क्रूज़ हादसे में 13 पर्यटकों की जान गई, उसे लेकर हादसे से करीब दो महीने पहले ही अधिकारियों को चेतावनी दे दी गई थी। मैकल रिसोर्ट के मैनेजर ने पत्र लिखकर बताया था कि क्रूज़ के इंजन पुराने हो चुके हैं, बार-बार खराब हो रहे हैं और तेज हवाओं में बंद पड़ जाते हैं। इसके बावजूद क्रूज़ का संचालन जारी रखा गया।

पत्र ने खड़े किये गंभीर सवाल 

बरगी डैम क्रूज़ हादसे की जांच के बीच अब एक ऐसा पत्र सामने आया है जिसने पूरे मामले पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बरगी रिसोर्ट के वॉटर स्पोर्ट्स विंग के मैनेजर ने मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक को पत्र लिखकर क्रूज़ की खराब स्थिति की जानकारी दी थी। पत्र में बताया गया था कि हैदराबाद की बोट बिल्डर कंपनी ने भी साफ कहा था कि क्रूज़ के इंजन पुराने हो चुके हैं और उनके पार्ट्स बाजार में उपलब्ध नहीं हैं। विशेषज्ञों ने इंजन बदलने की सिफारिश भी की थी।

क्रूज़ के दोनों इंजन हो गए थे सीज 

पत्र के मुताबिक 14 जनवरी 2025 को राउंड के दौरान क्रूज़ के दोनों इंजन सीज़ हो गए थे। तेज हवाओं और ऊंची लहरों के बीच क्रूज़ बीच पानी में बंद हो गया था, जिसके बाद उसे स्पीड बोट की मदद से बाहर निकालना पड़ा। इतना ही नहीं, दूसरे इंजन में भी लगातार तकनीकी खराबी आ रही थी और उसकी सेल्फ की गरारी तक चढ़ जाती थी। मैनेजर ने यह भी लिखा था कि बार-बार सेवाएं बंद होने से पर्यटक नाराज हो रहे हैं।

करीब 20 साल पुराना यह क्रूज़ साल 2006 में बरगी डैम में संचालन के लिए लाया गया था। लेकिन लगातार तकनीकी खराबियों के बावजूद इसे चलाया जाता रहा। 30 अप्रैल को हुए दर्दनाक हादसे में 13 पर्यटकों की मौत हो गई थी। अब सामने आए इस पत्र ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर चेतावनी मिलने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों ने समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m