वीरेंद्र कुमार, नालंदा। राजगीर के संस्कार सेवा सदन में आयोजित भाजपा के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी व्याख्यान कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन और योगदान को याद करते हुए कहा कि वे अद्भुत प्रतिभा के धनी थे और मात्र 30 वर्ष की उम्र में कलकत्ता विश्वविद्यालय के कुलपति बन गए थे। उन्होंने कहा कि आज की सरकार उनके सपनों को साकार करने की दिशा में काम कर रही है।
जमीन विवाद को बताया अपराधों की जड़
मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि बिहार में होने वाले अधिकांश अपराधों की जड़ जमीन विवाद है। इसे खत्म करने के लिए राज्य सरकार तेजी से भूमि सर्वे का कार्य पूरा करा रही है। उन्होंने दावा किया कि सर्वे पूरा होने के बाद राज्य के लगभग 90 प्रतिशत भूमि विवाद स्वतः समाप्त हो जाएंगे।
घूस मांगने पर बर्खास्त होंगे अधिकारी- दिलीप जायसवाल
राजस्व विभाग में रिश्वतखोरी की शिकायतों पर मंत्री दिलीप जायसवाल ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि यदि कोई सीओ, राजस्व कर्मचारी या अधिकारी काम के बदले पैसे मांगता है, तो जनता तुरंत विजिलेंस को सूचना दे। ऐसे अधिकारियों को केवल निलंबित नहीं, बल्कि सेवा से बर्खास्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यवस्था में पारदर्शिता और ईमानदारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
एकता और अखंडता के लिए मुखर्जी ने किया संघर्ष
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता और अखंडता के लिए संघर्ष किया। उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए सड़क, शिक्षा और आधारभूत संरचना के विकास पर भी विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर बिहारशरीफ विधायक डॉ. सुनील कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश कुमार, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, छात्र-छात्रा सम्मेलन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- अपराधियों पर होगी सख्त कार्रवाई, मंत्री श्रवण कुमार का दावा, राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

