कुंदन कुमार/​पटना: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE 4) को लेकर आंदोलनरत छात्रों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। बीते 8 मई को विरोध प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किए गए प्रमुख छात्र नेता दिलीप कुमार को अदालत ने जमानत दे दी है। उनकी रिहाई का रास्ता साफ होने के बाद पटना के छात्र संगठनों और अभ्यर्थियों में खुशी की लहर है।

​क्या था पूरा मामला?

​शिक्षक भर्ती परीक्षा की प्रक्रिया और उसके विभिन्न मानकों के विरोध में दिलीप कुमार के नेतृत्व में छात्रों ने पटना में उग्र प्रदर्शन किया था। इसी दौरान प्रशासन द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के नाम पर दिलीप कुमार सहित कई छात्रों को हिरासत में लिया गया था और उन पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया था। उनकी गिरफ्तारी के बाद से ही राज्य भर के अभ्यर्थियों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था।

​आज शाम होगी रिहाई

​कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद, अदालत ने छात्र नेता दिलीप कुमार को बेल दे दी है। उनके समर्थकों और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आज शाम तक वे बेऊर जेल से बाहर आ जाएंगे। उनके बाहर आने के बाद शिक्षक भर्ती परीक्षा से जुड़े मुद्दों पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
​फिलहाल, इस घटनाक्रम के बाद पटना में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और छात्र संगठनों ने संयम बरतने की अपील की है। अभ्यर्थियों की मांग है कि सरकार उनकी समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करे ताकि शिक्षा व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके।