Diljit Dosanjh Indore Concert: पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने ‘ऑरा इंडिया’ टूर को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच मध्य प्रदेश के इंदौर में होने वाले उनके कॉन्सर्ट को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। प्रशासन ने कार्यक्रम से पहले कुछ सख्त निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत दिलजीत दोसांझ को अपने चार लोकप्रिय गाने कॉन्सर्ट में नहीं गाने होंगे। इतना ही नहीं, कार्यक्रम में 5 साल से कम उम्र के बच्चों की एंट्री पर भी रोक लगा दी गई है। प्रशासन का कहना है कि इन गानों के बोल छोटे बच्चों पर गलत असर डाल सकते हैं।
इन चार गानों को गाने पर लगी रोक
इंदौर प्रशासन की ओर से जिन चार गानों पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं, उनमें दिलजीत दोसांझ के कई मशहूर गाने शामिल हैं। इस लिस्ट में ‘5 तारा’, ‘जेब विचों फीम लब्बी आ’, ‘जट्ट उत्थे फायर करदा जित्थे पबंदी हथियार दी’ और ‘पटियाला पैग’ के नाम शामिल हैं। ये सभी गाने दिलजीत के लोकप्रिय ट्रैक्स में गिने जाते हैं। ऐसे में कॉन्सर्ट में इन गानों को नहीं सुन पाने से फैंस को निराशा हो सकती है।
बाल संरक्षण अधिकारी ने मॉल प्रबंधन को भेजा पत्र
इस मामले में जिला बाल संरक्षण अधिकारी और महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 6 नवंबर को मॉल प्रबंधन को पत्र जारी किया गया था। इसमें साफ निर्देश दिए गए हैं कि कार्यक्रम के दौरान बताए गए चार गाने नहीं बजाए जाएंगे। अधिकारियों के मुताबिक, इन गानों के कुछ बोल बच्चों के लिए उचित नहीं हैं और उनका कम उम्र के बच्चों पर गलत प्रभाव पड़ सकता है। इस निर्देश की जानकारी इंदौर कलेक्टर, संबंधित राजस्व अधिकारियों, महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त संचालक और विजय नगर थाना प्रभारी को भी भेजी गई है।

5 साल से छोटे बच्चों को नहीं मिलेगी एंट्री
दिलजीत दोसांझ का यह कॉन्सर्ट 15 नवंबर को इंदौर में आयोजित होना है। प्रशासन की ओर से जारी पत्र में यह भी कहा गया है कि कार्यक्रम में 5 साल से कम उम्र के बच्चों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यानी पांच साल से अधिक उम्र के बच्चे ही कॉन्सर्ट में शामिल हो सकेंगे। अधिकारियों ने अपने निर्देशों के समर्थन में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 22 जुलाई 2019 के फैसले का भी हवाला दिया है।
पहले भी विवादों में रहा है दिलजीत का कॉन्सर्ट
इंदौर में होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर विवाद पहली बार सामने नहीं आया है। इससे पहले भी कॉन्सर्ट को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी। इतना ही नहीं, कार्यक्रम से पहले बम से उड़ाने की धमकी मिलने की खबर भी सामने आई थी। अब चार गानों पर रोक और बच्चों की एंट्री को लेकर जारी निर्देशों ने एक बार फिर इस कार्यक्रम को चर्चा में ला दिया है।
‘ऑरा इंडिया’ टूर के तहत इंदौर पहुंचेंगे दिलजीत
दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने ‘ऑरा इंडिया’ शो के जरिए देश के अलग-अलग शहरों में लाइव परफॉर्म कर रहे हैं। इंदौर इस टूर का दूसरा कॉन्सर्ट बताया जा रहा है। सिंगर के लाइव शो को लेकर उनके फैंस में काफी उत्साह रहता है और बड़ी संख्या में लोग उन्हें सुनने पहुंचते हैं। हालांकि, इस बार इंदौर के कार्यक्रम में प्रशासन के निर्देशों के चलते कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं। अब देखना होगा कि इन पाबंदियों के बीच दिलजीत दोसांझ का यह कॉन्सर्ट किस तरह आयोजित होता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

