संजय पाटीदार, डिंडौरी। मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले से एक दिल दहला देने वाली सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। जिले के करंजिया विकासखंड अंतर्गत गोपालपुर चौकी क्षेत्र के झंनकी गांव में एक बेलगाम ईको कार ने सड़क किनारे चल रहे पांच लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।
ग्रामीणों में फूटा गुस्सा, कार में लगाई आग
हादसे के बाद मौके पर भारी आक्रोश फैल गया। तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से हुई मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने वाहन को घेर लिया और आक्रोशित होकर ईको कार को आग के हवाले कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही करंजिया और गोपालपुर चौकी की पुलिस तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने जले हुए वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। हालांकि, इस दर्दनाक हादसे के संबंध में विस्तृत जानकारी और आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। पुलिस मृतकों और घायलों की शिनाख्त करने के साथ ही वाहन चालक की तलाश में जुटी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

