दिनेश प्रताप सिंह ने रायबरेली की दिशा बैठक को लेकर राहुल गांधी पर राजनीतिक हमला बोला और आरोप लगाया कि दिल्ली से आए तीन लोग पर्चियों के जरिए निर्देश दे रहे थे. उन्होंने राहुल गांधी के रायबरेली में सांसद निधि के कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास तथा दिशा बैठक में योजनाओं की समीक्षा को लेकर भी सवाल उठाए.

सतीश सिंह, लखनऊ. एक दिन पूर्व रायबरेली में दिशा की बैठक के दौरान सड़कों की खस्ताहाल तस्वीरें दिखाए जाने को लेकर प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने कांग्रेस नेता एवं रायबरेली के सांसद राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि रायबरेली की दिशा बैठक में राहुल गांधी सांसद और समिति अध्यक्ष से ज्यादा नेता प्रतिपक्ष की भूमिका में नजर आए. उनके साथ दिल्ली से आए तीन लोग पीछे बैठकर पर्चियों के माध्यम से निर्देश देते रहे.

गुरुवार को मंत्री आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि राहुल गांधी का जोर जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा कर उन्हें गति देने के बजाय बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं में खामियां तलाश कर राजनीति करने पर अधिक रहा. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने संबंधित अधिकारी से पूछा कि इस योजना में क्या होता है.

उन्होंने कहा कि यदि दिशा समिति के अध्यक्ष को ही योजना की जानकारी नहीं होगी तो उसका अनुश्रवण और समन्वय कैसे होगा. इसके बाद राहुल गांधी ने योजना के प्रचार-प्रसार पर होने वाले खर्च को जानने पर अधिक जोर दिया. इससे ऐसा लगा कि योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के बजाय उसमें खामी तलाशना प्राथमिकता है.

मीडिया इंतजार करती रही

दिनेश प्रताप सिंह ने राहुल गांधी के ‘डरो मत’ संदेश पर कटाक्ष करते हुए आरोप लगाया कि रायबरेली में उन्होंने सांसद निधि से कराए गए कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास अपने निजी आवास के भीतर से किया, जबकि बाहर के गेट पर ताला लगा रहा. मीडिया प्रतिनिधि सुबह से इंतजार करते रहे, लेकिन राहुल गांधी कैमरे के सामने आकर रायबरेली की जनता को शुभकामनाएं तक नहीं दे सके.

सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि

राज्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार में जनता की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है. प्रदेश सरकार कानून-व्यवस्था को लेकर स्पष्ट नीति के साथ काम कर रही है.

अखिलेश यादव के बुलंदशहर दौरे में हेलीपैड की अनुमति से जुड़े सवाल पर दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि प्रशासन द्वारा अनुमति न मिलना किसी राजनीतिक भय का विषय नहीं है. योगी सरकार ने अखिलेश यादव को कभी कहीं जाने से नहीं रोका और न इसकी आवश्यकता है.