अजय सैनी, भिवानी। स्वच्छ और सुंदर गांव की दिशा में ग्राम पंचायत दिनोद ने बड़ा कदम उठाया है। पंचायत की ओर से शुक्रवार को गांव में घर-घर से कचरा संग्रह, उसके परिवहन और उचित निस्तारण की व्यवस्था शुरू की गई। ग्राम पंचायत के सरपंच जयभगवान ने कचरा संग्रह करने वाले वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर पंचायत प्रतिनिधियों के साथ प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
यह पहल अतिरिक्त उपायुक्त एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दीपक बाबूलाल करवा के दिशा-निर्देशों के तहत शुरू की गई है। योजना के तहत गांव के प्रत्येक घर से नियमित रूप से कचरा एकत्र किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को कूड़ा खुले स्थानों, गलियों या तालाबों के आसपास फेंकने की जरूरत न पड़े।
दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से हुई शुरुआत
ग्राम पंचायत ने शुरुआती चरण में कचरा संग्रह के लिए दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां तैनात की हैं। ये वाहन गांव की गलियों में पहुंचकर घर-घर से कचरा एकत्र करेंगे। पंचायत की ओर से ग्रामीणों को कचरे को अलग-अलग रखने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।
ग्रामीणों से अपील की जा रही है कि वे गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखें और निर्धारित कचरा संग्रहकर्ताओं को ही सौंपें। पंचायत का मानना है कि कचरे को स्रोत पर ही अलग करने से उसके उचित और वैज्ञानिक निस्तारण में आसानी होगी।
तालाबों को प्रदूषण से बचाने पर भी जोर
सरपंच जयभगवान ने कहा कि घर-घर से कचरा उठाने की व्यवस्था शुरू होने से खुले में कचरा फेंकने की समस्या कम होगी। खासतौर पर गांव के तालाबों में प्लास्टिक और अन्य कचरा जाने से रोकने में मदद मिलेगी। इससे तालाबों की स्वच्छता और जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि पंचायत का लक्ष्य दिनोद को स्वच्छता के क्षेत्र में एक मॉडल गांव के रूप में विकसित करना है। गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए आवश्यकता के अनुसार आगे भी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
36 महाग्रामों और बड़ी पंचायतों में पहल का आह्वान
सरपंच ने बताया कि भिवानी जिले के 36 महाग्रामों और 7,500 से अधिक आबादी वाली ग्राम पंचायतों में घर-घर से कचरा संग्रह और निस्तारण की व्यवस्था शुरू करने का आह्वान किया गया था। इसी दिशा में दिनोद ग्राम पंचायत ने पहल करते हुए यह व्यवस्था लागू की है।
उन्होंने इस कार्य के लिए प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि अधिकारियों के मार्गदर्शन से स्वच्छता संबंधी योजना को गांव में लागू किया जा सका है। पंचायत की ओर से ग्रामीणों से भी अभियान में सहयोग करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान खंड समन्वयक रणजीत सिंह, जिला परिषद के परियोजना अधिकारी हरपाल धनखड़, पंच मिलन, टिंकू, सुपरवाइजर मामन, पंच राजेश, नरेश और विक्की सहित किशोरी, गोविंद, मनीष, सुरेंद्र, सत्यवान तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
- जीवन सूक्त : दीर्घकालिक सफलता के लिए साथ रखिए धैर्य, प्रतीक्षा और निरंतरता – संदीप अखिल
- Navratri Day 2 : नवरात्रि के दूसरे दिन होती है मां ब्रह्मचारिणी की पूजा, जानें पूजा विधि और मंत्र
- 12 October 2026 Rashifal : ऐसा रहेगा आज राशियों का हाल और ग्रहों की चाल, जानिए अपना राशिफल
- CJI सूर्यकांत ने INDIA ब्लॉक के नेताओं से मिलने से किया इनकार, SC मार्च से पहले विपक्ष को लगा बड़ा झटका
- Bihar Morning News: जदयू कार्यलय में जनसुनवाई, भाजपा का सहयोग कार्यक्रम, कांग्रेस का ‘हल्लाबोल’

