मनोज यादव, कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सड़क किनारे झाड़ियों में मिली खून से लथपथ लाश के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। शुरुआती जांच में इसे हत्या का मामला माना जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच में यह आत्महत्या का मामला निकला।

यह मामला सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत कोहड़िया का है, जहां 10 मई को सड़क किनारे झाड़ियों में एक व्यक्ति की लाश मिली थी। शव के पास काफी खून फैला हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच शुरू की थी। मौके पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया था।

narayana

फॉरेंसिक जांच में हुआ खुलासा

मृतक की पहचान 37 वर्षीय बसंत पटेल के रूप में हुई थी, जो बरमपुर का रहने वाला था। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि इस मामले में पीएम रिपोर्ट में हत्या नहीं, बल्कि आत्महत्या की बात सामने आई है। फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने भी जांच की, जिसमें पास में बीयर की टूटी हुई बोतल मिली थी। डॉक्टर और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने उसकी जांच की, तो पता चला कि मृतक ने कांच की बोतल जैसी धारदार वस्तु से खुद पर वार किया था।

घटना के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए। प्रारंभिक जांच में पता चला कि बसंत पटेल मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसका इलाज भी चल रहा था। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली।

फैक्ट्री में करता था काम

जानकारी के अनुसार, बसंत पटेल मूल रूप से मस्तूरी के सोनसरी गांव का निवासी था। वह पिछले तीन वर्षों से कोरबा के सर्वमंगला बरमपुर में किराए के मकान में रह रहा था और इंडस्ट्रियल एरिया स्थित संजय फैक्ट्री में काम करता था।

बताया जा रहा है कि 9 मई को बसंत सुबह करीब 8 बजे फैक्ट्री जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। अगले दिन शनिवार सुबह उसकी लाश झाड़ियों में मिली।

बसंत शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं। वह घटना से दो दिन पहले ही अपने छोटे भाई की शादी में शामिल होकर गांव से कोरबा लौटा था। उसकी पत्नी और बच्चे फिलहाल गांव में ही रह रहे हैं। उसकी पत्नी बरमपुर के एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H