पीयूष जायसवाल, नागदा (उज्जैन)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के उन्हेल थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए कुएं में गौवंश के अवशेष मिलने के मामले का महज कुछ ही घंटों के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से तीन आरोपी नाबालिग हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद कर लिए हैं।

बजरंग दल और विहिप ने जताई थी कड़ी आपत्ति

घटना की शुरुआत 3 जुलाई को हुई, जब उन्हेल के बैजनाथ खेड़ी रोड स्थित एक कुएं में गोवंश के अवशेष तैरते हुए पाए गए। इस घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में तनाव फैल गया। हिंदूवादी संगठनों, विशेषकर बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (VHP) के कार्यकर्ताओं ने इस कृत्य पर कड़ी आपत्ति जताई। कार्यकर्ताओं ने मौके पर एकत्रित होकर पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की और उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी थी।

मुख्य आरोपी का निकला जुलूस

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उन्हेल थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आई। पुलिस ने त्वरित जांच करते हुए मुख्य आरोपी भय्यू खान बकरीवाला को दबोच लिया। इसके साथ ही इस घिनौने कृत्य में शामिल तीन अन्य नाबालिग आरोपियों को भी हिरासत में लिया गया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर गोवंश वध में इस्तेमाल की गई दो छुरियां और एक लकड़ी का गुटका बरामद किया है। जनता में कानून का खौफ पैदा करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने मुख्य आरोपी भय्यू खान का नगर में जुलूस भी निकाला।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m