MP Morning News: संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का आज दूसरा दिन है। सदन में आज समान नागरिक संहिता (यूसीसी) समेत 8 विधेयकों पर चर्चा होगी। 120 पन्नों का यूसीसी बिल कल सरकार ने पटल पर रखा था। UCC के साथ 14 विधेयक पेश हुए थे। वहीं विपक्ष यूसीसी को लेकर हंगामा करेगा।

CM के आज के कार्यक्रम

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की 21 जुलाई 2026 (मंगलवार) की व्यस्तताएं
सुबह 10:55 बजे- विधानसभा आगमन
सुबह 11:00 बजे- सदन में
दोपहर 1:30 बजे- मुलाकात
दोपहर 2:30 बजे- वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बड़वानी के बलराम कृषि महोत्सव में सहभागिता
निवास आगमन
सायं 6:45 बजे- विधानसभा आगमन – स्थानीय कार्यक्रम
सायं 7:00 बजे- रविन्द्र भवन सभागार, भोपाल आगमन – “युगप्रवर्तक डॉ. हेडगेवार” महानाट्य का मंचन

विधायक दल की बैठक में सीएम का बड़ा संदेश

भाजपा विधायक दल की बैठक में सीएम मोहन यादव ने बड़ा संदेश दिया। उन्होंने विधायकों से कहा कि यूसीसी के फायदे को जनता तक पहुंचाए। विपक्ष के भ्रम में तथ्यों से जवाब दें। यूसीसी लागू होना मध्यप्रदेश की बड़ी उपलब्धि होगा। यूसीसी से आधी आबादी के हितों का संरक्षण होगा। यूसीसी से मुस्लिम महिलाओं को सबसे अधिक लाभ मिलेगा।

दतिया उपचुनाव में बीजेपी-कांग्रेस ने झोंकी ताकत

दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी और कांग्रेस दोनों दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। एक तरफ कांग्रेस अपनी सीट बचाने में जुटी हुई है तो वहीं भाजपा उसे जीतने की पूरी कोशिश में लगी हुई है। दोनों दलों ने बूथ स्तर तक संगठन को एक्टिव कर दिया है। आपको बता दें कि उपचुनाव के लिए मतदान में अब से 10 दिन का भी कम समय बचा है।

मिलावटी और सिंथेटिक दुग्ध उत्पादन पर सरकार अलर्ट

मिलावटी और सिंथेटिक दुग्ध उत्पादन और वितरण सिंडिकेट के सामने आने के बाद मप्र सरकार अलर्ट हो गई है। कमिश्नर खाद्य सुरक्षा ने अधिकारियों को अहम निर्देश दिए हैं। प्रदेश के सभी मिल्क कलेक्शन प्वाइंट, मिल्क प्रोसेसिंग जोन, बीएमसी सेंटर, डेयरी पर तत्काल प्रभाव से चेकिंग कर नमूने एकत्र कर जांच की जाए। मिलावट होने पर तत्काल प्रभाव से कार्यवाही की जाएगी। सभी प्रतिवेदन रिपोर्ट 31 जुलाई तक मुख्यालय भेजने और पूरे अभियान का कड़ाई से पालन करने के निर्देश के निर्देश दिए गए हैं।

SC में आज सोनम की जमानत पर होगी सुनवाई

इंदौर के बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी की जमानत पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। सोनम को मिली जमानत के खिलाफ मेघालय सरकार की याचिका पर कोर्ट में सुनवाई होगी। इस मामले की सुनवाई जस्टिस मनोज मिश्रा और जस्टिस श्री चंद्रशेखर की बेंच करेगी। आपको बता दें कि ट्रायल कोर्ट ने सोनम को इस आधार पर जमानत दी थी कि गिरफ्तारी के समय कानून के मुताबिक उसे गिरफ्तारी के आधार उपलब्ध नहीं कराए गए थे। मेघालय हाईकोर्ट ने भी इस आदेश को बरकरार रखा था।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m