कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र में भाइयों के बीच हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। पैसों के लेनदेन और काम पर साथ न ले जाने की बात से नाराज युवक ने खुद पर और लोडिंग वाहन पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। मौके पर मौजूद लोगों ने समय रहते आग बुझाकर उसकी जान बचा ली। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
दरअसल घटना मुरार थाना क्षेत्र के बारादरी इलाके की है। बताया जा रहा है कि बड़े भाई रंजीत और छोटे भाई पवन जाटव एक ही लोडिंग वाहन पर काम करते हैं। दोनों के बीच पैसों के लेनदेन और काम पर साथ न ले जाने को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बाद गुस्साए पवन जाटव ने बोतल में रखा पेट्रोल अपने ऊपर और लोडिंग वाहन पर उड़ेल दिया और आग लगा ली।
बताया जा रहा है कि उसने आत्महत्या की नीयत से यह कदम उठाया था। आग की लपटें उठते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल दौड़कर आग बुझाई, जिससे युवक की जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया,घटना का वीडियो अब सामने आया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है, लेकिन अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत मिलने पर मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

