राघव विज, नारायणगढ़। राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर से दर्शन कर लौट रहे दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर बस में विवाद हो गया। यह झगड़ा शहजादपुर के पास इतना बढ़ गया कि एक युवक पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया गया। घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बस में शुरू हुई थी बहस
पुलिस को दी गई शिकायत में नारायणगढ़ निवासी अमनदीप सिंह ने बताया कि 13 अप्रैल की सुबह उसके दोस्त अंशुल का फोन आया था। अंशुल ने बताया कि खाटू श्याम से वापस लौटते समय बस में माजरा निवासी राकेश और कुशांत के साथ उसकी किसी बात को लेकर बहस हो गई है। अंशुल ने अमनदीप को बीच-बचाव और मामला सुलझाने के लिए शहजादपुर के गोगामेड़ी के पास बुलाया।
बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पर हमला
सुबह करीब साढ़े पांच बजे जब अमनदीप मौके पर पहुंचा और उसने कुशांत को समझाने का प्रयास किया, तो आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान कुशांत ने पास रखे तेजधार हथियार से अमनदीप की कोहनी पर हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। चोट लगते ही अमनदीप मौके पर ही बेहोश हो गया, जिसे तत्काल पंचकूला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस की कार्रवाई
शहजादपुर थाना पुलिस के मुताबिक, पीड़ित के बयान के आधार पर आरोपी कुशांत के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

