अखिलेश बिल्लौरे, हरदा। मध्य प्रदेश के हरदा में पैतृक जमीन की रजिस्ट्री को लेकर एक ही परिवार के सदस्यों के बीच विवाद हिंसक हो गया। गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के संकल्प अपार्टमेंट स्थित स्टांप वेंडर की दुकान पर यह घटना हुई, जहां रजिस्ट्री प्रक्रिया के दौरान आपसी मतभेद बढ़ गया।
बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य 4 एकड़ जमीन के बंटवारे के बाद अपने-अपने हिस्से की बिक्री के लिए एकत्रित हुए थे। इसी दौरान जमीन बेचने को लेकर भाई-बहनों के बीच बहस शुरू हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना के बाद दोनों पक्ष सिटी कोतवाली थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी रोशनलाल भारती के अनुसार मामला पारिवारिक है और फिलहाल दोनों पक्षों को समझाइश दी जा रही है, साथ ही शिकायतों की जांच जारी है।
एक पक्ष का कहना सामने आया कि सभी भाई-बहनों को बराबर हिस्सेदारी मिली है और वे अपने हिस्से की जमीन बेचने के लिए स्वतंत्र हैं। वहीं दूसरे पक्ष ने आरोप लगाया कि जमीन के बंटवारे में गड़बड़ी करते हुए उनके हिस्से की जमीन भी बेची जा रही थी, जिसके चलते विवाद की स्थिति बनी।

