सुमन राजपूत , करनाल। चार लाख रुपये के लेन-देन को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। समालखा अड्डे के पास एक युवक पर आधा दर्जन लोगों द्वारा कथित तौर पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में घायल युवक का अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है।
पीड़ित परिवार के अनुसार, विवाद चार लाख रुपये के लेन-देन से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि छह लोग थार गाड़ी में सवार होकर मौके पर पहुंचे और स्विफ्ट कार में बैठे युवक को रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
लूट लिए नगद और सोने की रिंग
परिजनों का दावा है कि हमलावरों ने युवक को गंभीर रूप से घायल करने के साथ-साथ उसके पास मौजूद चार लाख रुपये की नकदी और करीब नौ ग्राम वजन की सोने की अंगूठी भी छीन ली। घटना के बाद घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
परिवार का कहना है कि घटना से जुड़े सभी आरोपियों के नाम और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस को सौंप दी गई है, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इससे परिवार में रोष व्याप्त है।

पुलिस जाँच में जुटी
आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर परिजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एसपी से मुलाकात कर मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की। परिजनों का कहना है कि आरोपियों के खुले घूमने से उन्हें सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

