कुमार इंदर, जबलपुर। शहर में नई सफाई ठेका व्यवस्था की शुरुआत होते ही विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस पार्षद दलों ने नगर निगम कमिश्नर राम प्रकाश अहिरवार से मुलाकात कर ठेका कंपनी बाबा बर्फानी एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाए। कांग्रेसी पार्षदों का कहना है कि ठेका शुरू होने के पहले ही दिन शहर में रात्रिकालीन सफाई नहीं की गई। इसके चलते आज हनुमान जयंती जैसे बड़े पर्व पर मंदिरों के आसपास गंदगी का अंबार लग गया।
कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी
पार्षदों ने आरोप लगाया कि एजेंसी मनमानी तरीके से काम कर रही है, जिस पर जुर्माना लगाया जाए और ठेका निरस्त किया जाए। पार्षद दल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई और ठेका कंपनी पर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस एक बड़ा आंदोलन करेगी।
ठेका कंपनी पर जाएगी कड़ी कार्रवाई की
इस पर नगर निगम कमिश्नर राम प्रकाश अहिरवार ने आश्वासन दिया कि शहर की सफाई व्यवस्था को तुरंत सुधारने के कदम उठाए जाएंगे। ठेका कंपनी बाबा बर्फानी एजेंसी पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिन्होंने शुरुआती दिनों में ही काम में लापरवाही बरती है। यह विवाद अब शहर की सफाई व्यवस्था और प्रशासनिक जवाबदेही पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है।

