गोविंद पटेल, देवरिया. मदनपुर थाना क्षेत्र के महेन स्थित बाबा महेंद्रनाथ मंदिर में चढ़ावे की रकम को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मंदिर परिसर ही रणक्षेत्र में तब्दील हो गया. दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंदिर में चढ़ावे की राशि के बंटवारे को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. विवाद के दौरान कई लोगों के बीच धक्का-मुक्की और लाठी-डंडों का प्रयोग किया गया. घटना के समय मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं में भी भय का माहौल बन गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है.

इसे भी पढ़ें : अरे राम..! श्रीराम मंदिर में चढ़ावा गिनने वाले कर्मचारी के घर से मिले 10 लाख नगद, अलमारी और गोबर के ढेर में छिपाई थी रकम

पुलिस के अनुसार प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग मंदिर जैसी आस्था के केंद्र पर हुई इस घटना को लेकर चिंता व्यक्त कर रहे हैं.