देश की राजधानी दिल्ली से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सराय रोहिल्ला थाना क्षेत्र के जखीरा इलाके में स्थित ‘टोर हाउस’ नाइटक्लब में एक युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि क्लब में एक महिला पर बीयर गिरने के बाद विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद बाउंसरों ने युवक पर लाठी-डंडों और बोतलों से हमला कर दिया। घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है। आरोप है कि विवाद के दौरान क्लब के बाउंसरों ने युवक की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतक युवक की पहचान 29 वर्षीय दलजीत के रूप में हुई है। वह पेशे से ड्राइवर था और रघुवीर नगर का रहने वाला था। सूत्रों के मुताबिक, दलजीत के परिवार में उसकी पत्नी, आठ साल का बेटा और पिता हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए क्लब के मालिक समेत कई मुख्य आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस घटना के कारणों और विवाद के दौरान हुई घटनाओं की कड़ियों की जांच कर रही है।
बीयर गिरने को लेकर हुआ था विवाद, बाउंसरों पर हत्या का आरोप
भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस सूत्र ने बताया कि शनिवार देर रात सराय रोहिल्ला थाना क्षेत्र के एक नाइटक्लब में महिला पर बीयर गिरने को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान कथित तौर पर बाउंसरों की पिटाई से कैब ड्राइवर दलजीत की मौत हो गई। मृतक रघुवीर नगर का रहने वाला था। उसके परिवार में पत्नी, आठ साल का बेटा और पिता हैं।
डंडों और कांच की बोतलों से हमले का आरोप
पुलिस सूत्र के अनुसार, दलजीत अपने कुछ दोस्तों के साथ जखीरा स्थित ‘टोर हाउस’ नाइटक्लब गया था। वहां उसके एक दोस्त से कथित तौर पर एक महिला पर बीयर गिर गई, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि क्लब के बाउंसरों ने दलजीत के साथ मारपीट की। दलजीत और उसके दोस्तों ने माफी भी मांगी, लेकिन इसके बावजूद मारपीट जारी रही। सूत्र ने बताया कि जब दलजीत और उसके दोस्तों ने वहां से निकलने की कोशिश की, तो क्लब के वेटरों ने कथित तौर पर उन पर डंडों और कांच की बोतलों से हमला किया। आरोप है कि भागने की कोशिश करने पर उन्हें खींचकर वापस अंदर लाया गया और फिर से पीटा गया। इस हमले में दलजीत को सबसे गंभीर चोटें आईं, जिनके कारण उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने CCTV रिकॉर्डर जब्त किया, फुटेज की जांच जारी
पुलिस सूत्र के मुताबिक, घटना के बाद दलजीत के दोस्त उसे रघुवीर नगर स्थित उसके घर ले गए थे। वहां वह घर के दरवाजे के पास ही गिर पड़ा। इसके बाद उसे गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की जांच के तहत पुलिस ने नाइटक्लब का सीसीटीवी डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (DVR) जब्त कर लिया है। पुलिस अब क्लब में लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि विवाद और मारपीट की पूरी घटनाक्रम का पता लगाया जा सके। फुटेज से घटना में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

