विनोद सैनी, हिसार। जिला शिक्षा अधिकारी राम रतन ने राजकीय उच्च विद्यालय, मात्रश्याम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों और ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने की अपील की।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों और खेलों में सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने विद्यालयों में जॉयफुल सैटरडे गतिविधियों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने पर बल दिया।
अभिभावकों और समाज की भागीदारी पर दिया जोर
राम रतन ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए अभिभावकों और समाज के प्रबुद्ध नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यालय, परिवार और समाज के संयुक्त प्रयासों से ही विद्यार्थियों का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है।
ग्राम पंचायत और एसएमसी सदस्यों ने भी निभाई भागीदारी
कार्यक्रम में धरती पुत्र एनजीओ, ग्राम पंचायत मात्रश्याम, ग्रामवासियों तथा स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
विद्यालय स्टाफ रहा मौजूद
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सूरज, विद्यालय इंचार्ज रोहताश, मुकेश, सुमन, सरिता, संतोष, अशोक, राजेश, मुनीश मलिक सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
सामूहिक संकल्प के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।


