टीवी इंडस्ट्री की सबसे लोकप्रिय और पसंदीदा बहुओं में शुमार ‘इशिता भल्ला’ यानी दिव्यांका त्रिपाठी के घर आखिरकार खुशियों ने दस्तक दे दी है। शादी के करीब 10 साल बाद दिव्यांका और उनके पति विवेक दहिया माता-पिता बन गए हैं। खास बात यह है कि कपल ने एक नहीं बल्कि जुड़वां बेटों का स्वागत किया है। इस खुशखबरी के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस और टीवी सितारों की तरफ से बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया है।
विवेक दहिया ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर बेहद प्यारे अंदाज में यह गुड न्यूज शेयर की। उन्होंने एक खूबसूरत पोस्ट के साथ लिखा, “आखिरकार इंतजार खत्म हुआ… ‘The Boys’ आ गए हैं और जिंदगी पहले से कहीं ज्यादा खूबसूरत लग रही है। मेरे करण-अर्जुन आ गए। Div और मैं पेरेंटहुड के इस नए सफर की शुरुआत कर रहे हैं। हमें आप सबके प्यार और आशीर्वाद की जरूरत है।”
खूबसूरत पोस्ट की शेयर
विवेक द्वारा शेयर की गई पोस्ट में दो छोटे बच्चों की तस्वीर दिखाई गई, जो नीले रंग के कपड़ों में नजर आ रहे हैं। तस्वीर पर लिखा था, “हमने भगवान से खुशियां मांगी थीं, उन्होंने कहा डबल लो।” इस प्यारे मैसेज ने फैंस का दिल जीत लिया। सोशल मीडिया पर लोग कपल को लगातार बधाइयां दे रहे हैं और बच्चों के लिए ढेर सारा प्यार भेज रहे हैं।
41 की उम्र में बनीं माँ
कुछ समय पहले ही दिव्यांका त्रिपाठी ने अपनी प्रेग्नेंसी की घोषणा की थी। 41 साल की उम्र में मां बनने जा रहीं दिव्यांका ने इस खास फेज को खुलकर एन्जॉय किया। उन्होंने अपना मैटरनिटी फोटोशूट भी फैंस के साथ शेयर किया था, जिसे लोगों ने खूब पसंद किया। इसके अलावा उनका बेबी शॉवर भी काफी चर्चा में रहा था। इस खास मौके पर परिवार और करीबी दोस्तों ने कपल पर खूब प्यार लुटाया और उन्हें ढेरों गिफ्ट्स भी दिए।
कब हुई थी शादी ?
दिव्यांका और विवेक की जोड़ी टीवी इंडस्ट्री की सबसे पसंदीदा जोड़ियों में गिनी जाती है। दोनों की मुलाकात सुपरहिट टीवी शो ‘ये है मोहब्बतें’ के सेट पर हुई थी। शुरुआत में दोनों सिर्फ अच्छे दोस्त थे, लेकिन धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई। इसके बाद 8 जुलाई 2016 को दोनों ने भोपाल में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शादी रचाई थी। उनकी शादी की तस्वीरें और वीडियोज सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए थे।
शादी के बाद से ही फैंस को इस कपल के पेरेंट्स बनने का इंतजार था। अब जब दिव्यांका और विवेक के घर दो नन्हे मेहमान आए हैं, तो फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं है। हर कोई इस नए सफर के लिए कपल को शुभकामनाएं दे रहा है।
ये रहा दोनों का एक्टिंग सफ़र
वर्कफ्रंट की बात करें तो दिव्यांका त्रिपाठी लंबे समय से टीवी की दुनिया का बड़ा नाम रही हैं। ‘बनूं मैं तेरी दुल्हन’ से लेकर ‘ये है मोहब्बतें’ तक उन्होंने अपनी शानदार एक्टिंग से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। वहीं विवेक दहिया भी कई टीवी शोज और रियलिटी शो में नजर आ चुके हैं। अब दोनों अपनी जिंदगी के सबसे खूबसूरत पड़ाव यानी पेरेंटहुड को एन्जॉय करने के लिए तैयार हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

