टेलीविजन की लोकप्रिय अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी (Divyanka Tripathi) इन दिनों अपनी जिंदगी के सबसे खूबसूरत दौर का आनंद ले रही हैं. हाल ही में एक्ट्रेस ने अपने जुड़वां बेटों की पहली झलक सोशल मीडिया पर शेयर की, जिसे देखकर उनके फैंस खुशी से झूम उठे हैं. इन फोटोज सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं और फैंस लगातार उन पर प्यार बरसा रहे हैं.

बता दें कि दिव्यांका त्रिपाठी (Divyanka Tripathi) और उनके पति विवेक दहिया (Vivek Dahiya) ने 25 मई 2026 को अपने जुड़वां बेटों का स्वागत किया था. माता-पिता बनने की खुशखबरी साझा करने के बाद अब पहली बार कपल ने अपने बच्चों की झलक फैंस के साथ शेयर की है. तस्वीरों में दिव्यांका अपने नवजात बेटों को गोद में लिए हुए नजर आ रही हैं. कुछ तस्वीरों में वह बच्चों को प्यार से चूमती दिखाई दे रही हैं, जबकि अन्य तस्वीरों में मां और बेटों के बीच का खूबसूरत रिश्ता साफ नजर आ रहा है.

दिव्यांका ने लिखा भावुक कैप्शन

इन तस्वीरों के साथ दिव्यांका त्रिपाठी (Divyanka Tripathi) ने एक बेहद भावुक कैप्शन भी लिखा, जिसने फैंस का दिल जीत लिया. उन्होंने अपने बेटों का शुक्रिया अदा करते हुए लिखा, “मुझे चुनने के लिए धन्यवाद.” यह छोटा सा संदेश सोशल मीडिया यूजर्स को काफी पसंद आया और देखते ही देखते पोस्ट पर लाखों लाइक्स और हजारों कमेंट्स आने लगे. फैंस के साथ-साथ कई टीवी सितारों ने भी इस पोस्ट पर शुभकामनाएं दीं.

“ये है मोहब्बतें” से मिली खास पहचान

दिव्यांका त्रिपाठी (Divyanka Tripathi) को टीवी शो ‘ये है मोहब्बतें’ में इशिता भल्ला के किरदार के लिए जाना जाता है. इस किरदार ने उन्हें घर-घर में लोकप्रिय बना दिया था और फैंस उन्हें प्यार से ‘इशी मां’ कहकर बुलाते हैं. अब जब वह असल जिंदगी में मां बन चुकी हैं, तो उनके चाहने वालों की खुशी दोगुनी हो गई है. सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने लिखा कि उनकी पसंदीदा ‘इशी मां’ अब रियल लाइफ में भी मां बन गई हैं.

बता दें कि बच्चों के जन्म की खबर साझा करते हुए दिव्यांका त्रिपाठी (Divyanka Tripathi) और विवेक दहिया (Vivek Dahiya) ने एक प्यारा संदेश पोस्ट किया था. उन्होंने लिखा था, “हमने खुशी मांगी थी, भगवान ने कहा- दोगुनी ले लो. हमें जुड़वां बेटे हुए हैं.” इस पोस्ट ने भी फैंस को भावुक कर दिया था.

विवेक ने किया था ये पोस्ट

बता दें कि विवेक दहिया (Vivek Dahiya) ने भी अपने पिता बनने की खुशी जाहिर करते हुए एक दिल छू लेने वाला नोट शेयर किया था. उन्होंने लिखा, “इंतजार आखिरकार खत्म हो गया. ‘द बॉयज’ आ गए हैं और जिंदगी हमारी कल्पना से कहीं ज्यादा खूबसूरत हो गई है. मेरे करण-अर्जुन आ गए हैं. जैसे ही दिव और मैं पेरेंटहुड के इस नए सफर की शुरुआत कर रहे हैं, हमें आप सभी के प्यार और आशीर्वाद की जरूरत है.”